रायसेन। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat), रायसेन द्वारा युवाओं के लिए आकाशवाणी, दूरदर्शन एवं प्रसारण प्रणाली विषय पर अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम(ELP) का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने रेडियो प्रसारण, दूरदर्शन ब्रॉडकास्टिंग, मल्टीमीडिया टेक्नोलॉजी तथा जनसंचार के विभिन्न आयामों की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में रायसेन

जिले के रेडियो स्टेशन रेडियो सेहर 89.6 के संचालक श्री विपिन यादव द्वारा प्रतिभागियों को रेडियो स्टूडियो की कार्यप्रणाली, ऑडियो रिकॉर्डिंग, लाइव ब्रॉडकास्टिंग, कैमरा संचालन, मल्टीमीडिया उपकरणों के उपयोग एवं प्रसारण तकनीकों के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। युवाओं ने स्टूडियो विजिट के माध्यम से यह समझा कि समाचार, जनहित संदेश एवं विभिन्न कार्यक्रम किस प्रकार तैयार होकर जनता तक पहुँचते हैं।

इस अवसर पर युवाओं को जनसंचार कौशल (Mass Communication Skills) के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई। श्री सचिन यादव ने बताया कि वर्तमान डिजिटल एवं तकनीकी युग में मीडिया, संचार एवं मल्टीमीडिया तकनीक से जुड़े कौशल युवाओं के व्यक्तित्व विकास, रोजगार एवं सामाजिक जागरूकता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों में संचार क्षमता, प्रस्तुतीकरण कौशल, टीमवर्क एवं तकनीकी समझ विकसित करने का प्रयास किया गया। युवाओं ने इस अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।

मेरा युवा भारत, रायसेन द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं को व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ने तथा उन्हें आधुनिक मीडिया एवं प्रसारण तकनीकों के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।