-बालमपुर घाटी से देहरी तक मचा हड़कंप
-एक दिन पहले ही मोटरसाइकिल चालक गड्ढे में बाइक का पहिया आ जाने के कारण अनियंत्रित होकर गिर गया था
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल-विदिशा हाईवे 18 पर हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। बुधवार-गुरुवार देर रात और गुरुवार सुबह हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने एक बार फिर हाईवे की बदहाल व्यवस्था और बढ़ते खतरे को उजागर कर दिया। बालमपुर घाटी में एक ट्रक खाई में गिरने से बाल-बाल बचा, जबकि देहरी गांव के पास एक आयशर ट्रक पलट गया। गनीमत रही कि दोनों हादसों में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लगातार हो रहे हादसों से वाहन चालकों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

बालमपुर घाटी में बड़ा हादसा टला, रेलिंग बनी सहारा
बुधवार-गुरुवार देर रात करीब 2 बजे बालमपुर घाटी पर चढ़ते समय ट्रक क्रमांक MH 17 AG 8944 अचानक पीछे रिवर्स होने लगा। ट्रक चालक अमजद खान के अनुसार सामने से अचानक दूसरा वाहन आने पर उसने ब्रेक लगाए, लेकिन ट्रक पीछे खिसकते हुए लोहे की रेलिंग से जा टकराया और वहीं रुक गया।
चालक ने बताया कि अगर रेलिंग नहीं होती तो ट्रक करीब 10 फीट गहरी खाई में गिर सकता था। उस समय पीछे कोई वाहन नहीं होने से बड़ा हादसा टल गया।
अमजद खान ने बताया कि घाटी पर बियर फैक्ट्री से निकला वेस्ट कचरा सड़क पर फैला हुआ था, जिसमें अत्यधिक चिकनाई होने के कारण कई वाहन स्लिप हो रहे थे। इसी दौरान एक कंटेनर ने उसके ट्रक को टक्कर मार दी, जबकि पीछे आ रहे दूसरे ट्रक ने कंटेनर में टक्कर मार दी।
घटना के बाद रात 2 बजे से सुबह 5 बजे तक बालमपुर घाटी पर लंबा जाम लगा रहा। कई वाहन चालक तीन से चार घंटे तक फंसे रहे। जाम 5 किलोमीटर तक पहुंच गया था। जिसमें कई यात्री बस, ट्रक मोटरसाइकिल, कार सहित कई वाहन फंसे हुए थे। घटनास्थल पर पुलिस पहुंची तब जाकर बामुश्किल जाम खुलवाया गया।

देहरी गांव के पास पलटा आयशर ट्रक
गुरुवार सुबह करीब 6:30 बजे दीवानगंज के पास देहरी गांव स्थित शिव मंदिर काका ढाबा के सामने दमोह से भोपाल की ओर जा रहा आयशर ट्रक क्रमांक MP 04 BK 9941 अनियंत्रित होकर गलत दिशा में जाकर पलट गया।
ट्रक चालक मोहन सिंह ठाकुर ने बताया कि वह लगातार 24 घंटे से वाहन चला रहा था। नींद का झोंका आने के कारण ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। ट्रक खाली होने से बड़ा नुकसान नहीं हुआ और चालक सुरक्षित बच गया।
हाईवे पर लगातार बढ़ रहे हादसे
भोपाल-विदिशा हाईवे 18 पर लगातार हो रहे हादसे अब लोगों की जान पर भारी पड़ रहे हैं। एक दिन पहले ही दीवानगंज की पुरानी चौकी के पास बने विशाल गड्ढे में बाइक फिसलने से मिथिलेश नामक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। महिला अपने बेटे और बेटी के साथ भोपाल से गुरारिया सेमरा लौट रही थी। हादसे में महिला के हाथ और चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं।
इससे पहले एक 407 वाहन के दोनों आगे के पहिए निकल जाने से वाहन पलट गया था, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।
दो महीने में दो दर्जन ट्रक पलटे, 18 महीने में 40 मौतें
स्थानीय लोगों के अनुसार सुखी बाईपास बंद होने के बाद पिछले दो महीनों में इस 40 किलोमीटर लंबे मार्ग पर दो दर्जन से अधिक ट्रक पलट चुके हैं। इन हादसों में कई ड्राइवर और क्लीनर घायल हुए हैं।
वहीं पिछले 18 महीनों में हाईवे 18 पर करीब 40 राहगीरों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद भी मध्य प्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन द्वारा सड़क चौड़ीकरण और सुधार कार्य नहीं कराया जा रहा है। लगातार हो रहे हादसों से लोगों में भारी नाराजगी है और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की जा रही है।