-पुरानी चौकी दीवानगंज, कुलहड़िया और बालमपुर घाटी पर हुए गड्ढे
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
करोड़ों रुपए का टोल टैक्स वसूलने वाले भोपाल-विदिशा हाईवे 18 की हालत एक बार फिर बदहाल हो गई है। दीवानगंज पुरानी चौकी के सामने सड़क पर इतना गहरा गड्ढा बन गया है कि उसमें मोटरसाइकिल का पूरा पहिया तक धंस जा रहा है। इस खतरनाक गड्ढे के कारण अब तक करीब पांच मोटरसाइकिल चालक अनियंत्रित होकर गिर चुके हैं, जिससे हादसे का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
वहीं कुलहड़िया गांव से लेकर बालमपुर घाटी के ऊपर और नीचे तक सड़क पर कई बड़े और गहरे गड्ढे उभर आए हैं। सबसे चिंताजनक स्थिति बालमपुर घाटी की है, जहां सड़क का एक हिस्सा बैठ गया है। सड़क धंसने के कारण तेज रफ्तार वाहन अनियंत्रित हो रहे हैं और हर समय बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है।
ग्रामीणों और वाहन चालकों का आरोप है कि एमपी आरडीसी द्वारा इस हाईवे से प्रतिदिन लाखों रुपए का टोल टैक्स वसूला जा रहा है, लेकिन सड़क की मरम्मत और रखरखाव की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। लोगों का कहना है कि बरसात से पहले यदि सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो स्थिति और भयावह हो सकती है।

हैरानी की बात यह भी है कि बालमपुर घाटी के दोनों ओर लगी लोहे की सुरक्षा रेलिंग पिछले करीब छह महीने से क्षतिग्रस्त अवस्था में पड़ी हुई है। कई बार शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और एमपी आरडीसी से तत्काल गड्ढों की मरम्मत, सड़क सुधार और रेलिंग बदलने की मांग की है ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।
ग्रामीणों और वाहन चालकों ने मांग की है कि हाईवे 18 की तत्काल मरम्मत, गड्ढा और बालमपुर घाटी पर रेलिंग दोबारा स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
पिछले 12 महीना में इस रोड पर छोटी बड़ी 200 दुर्घटनाएं हो चुकी हैं जिनमें अभी तक 38 लोगों की मौत हो गई है तो 200 से ज्यादा घायल हो चुके हैं। आसपास के ग्रामीणों ने कहा है कि यदि रोड जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।