-एक पेड़ के नीचे कई बंदर गर्मी से राहत के लिए बैठे
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के दीवानगंज, अंबाडी, सेमरा सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। क्षेत्र में तापमान लगभग 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग दोपहर के समय घरों में रहने को मजबूर हैं।
भीषण गर्मी का असर केवल इंसानों पर ही नहीं बल्कि पशु-पक्षियों और वन्यजीवों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। रविवार को ऐसा ही एक भावुक दृश्य देखने को मिला, जहां कई बंदर एक बड़े पेड़ की घनी छाया में बैठकर तपती गर्मी से राहत पाने की कोशिश करते नजर आए। बंदरों की हालत देखकर साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि जंगल और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले जीव-जंतु भी इस भीषण गर्मी से कितने परेशान हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बढ़ते तापमान और जलस्रोतों के सूखने से पशु-पक्षियों को पानी और छांव दोनों के लिए भटकना पड़ रहा है। कई स्थानों पर पक्षी प्यास से बेहाल दिखाई दे रहे हैं तो वहीं वन्यजीव आबादी वाले क्षेत्रों की ओर रुख कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने लोगों से अपील की है कि गर्मी के इस मौसम में घरों और खेतों के आसपास पशु-पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करें, ताकि बेजुबान जीवों को राहत मिल सके। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है, ऐसे में इंसानों के साथ-साथ वन्यजीवों की सुरक्षा और संरक्षण भी बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।