15 वाहनों के चालान काटकर वसूले 7100 रुपए, दो मोटरसाइकिल चालकों के लाइसेंस सस्पेंड किया
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल-विदिशा हाईवे 18 स्थित कर्क रेखा के पास यातायात पुलिस द्वारा सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान फोर व्हीलर और टू व्हीलर वाहनों की बारीकी से जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 15 वाहनों के चालान बनाए।
चेकिंग के दौरान फोर व्हीलर वाहनों के 13 चालान बनाकर 6 हजार 500 रुपए का समन शुल्क वसूला गया। वहीं बिना नियमों का पालन कर चल रहे टू व्हीलर वाहनों के 2 चालान बनाकर 600 रुपए की राशि वसूली गई।
यातायात पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चला रहे दो मोटरसाइकिल चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस भी सस्पेंड किए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
चेकिंग अभियान के दौरान वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखने की समझाइश भी दी गई। पुलिस की कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति बनी रही। कई वाहन चालक इधर-उधर से निकलने की कोशिश करते रहे मगर पुलिस ने किसी को भी नहीं बक्शा।
बता दे की 10 दिनों से पुलिस द्वारा चेकिंग की जा रही है। इससे पहले भी नियम तोड़ने वालों से यातायात पुलिस ने 24 चलान से 14600 रुपए, दीवानगंज पुलिस ने चालान बनाकर 17700 वसूले थे।
यातायात पुलिस द्वारा बताया गया कि इस समय चेकिंग अभियान चल रहा है सभी वाहन चालक अपने दस्तावेज साथ लेकर और टू व्हीलर वाले वाहन चालक हेलमेट पहनकर वाहन चलाएं। जिससे दुर्घटना होने पर जन हानि ना हो।
यातायात पुलिस से एएसआई रमेश शाक्या,भीम सिंह, धर्मेंद्र, भरत सिंह राजपूत सहित समस्त स्टाफ मौजूद रहा।