मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के ग्राम सेमरा में उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के पास नहर में कई लोगों के आधार कार्ड, एटीएम कार्ड की बुक और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज पड़े मिले। ग्रामीणों के अनुसार किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा यह सामान नहर में फेंका गया था।
कुछ ग्रामीणों की नजर नहर में पड़े दस्तावेजों पर पड़ी। जब उन्होंने उन्हें निकालकर देखा तो उसमें सेमरा गांव के कई लोगों के आधार कार्ड और बैंक से जुड़े दस्तावेज निकले। घटना की जानकारी फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी या धोखाधड़ी की नीयत से दस्तावेजों का उपयोग करने के बाद उन्हें नहर में फेंका गया होगा। कई लोगों ने अपने दस्तावेज सुरक्षित मिलने पर राहत की सांस ली, वहीं घटना के बाद गांव में चिंता का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों का पता लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि आधार कार्ड और बैंक दस्तावेज जैसे जरूरी कागजात इस तरह खुले में मिलना सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। हालांकि अभी किसी भी ग्रामीण ने दीवानगंज चौकी पर किसी प्रकार की शिकायत नहीं की है।