प्रदेशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी
भोपाल । उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने प्रदेशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान का स्मरण कराता है। उनके संघर्ष के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में गौरव और सम्मान के साथ जीवन जी रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के स्वस्थ और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में मध्यप्रदेश पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रदेश के युवाओं से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशे से दूर रहने और फिट एवं स्वस्थ मध्यप्रदेश के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश के हर गांव, हर शहर और हर जरूरतमंद व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों को सुदृढ़ करने के साथ विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से लेकर गंभीर बीमारियों के उपचार तक स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि हमारा प्रयास है कि प्रदेश के किसी भी नागरिक को बेहतर उपचार के लिए अपने घर और प्रदेश से दूर न जाना पड़े। गरीब और जरूरतमंद परिवारों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध हो तथा स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।