– मुख्य अतिथि पुरुषोत्तम गौतम ने युवाओं को राष्ट्रहित में कार्य करने को कहा
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
भारत विभाजन की स्मृति में सेवा भारती छात्रावास शिवपुरी से गुरुवार को एक रैली निकाली गई। रैली में छात्रावास के विद्यार्थियों के साथ सेवा भारती छात्रावास समिति के सभी पदाधिकारी और सदस्य उत्साहपूर्वक शामिल हुए। रैली के दौरान भारत माता के जयकारों से पूरा वातावरण देशभक्तिमय हो गया।
रैली सेवा भारती छात्रावास से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क पहुंची। वहां सभी ने एकत्र होकर भारत माता की आरती और पूजन किया।
कार्यक्रम में भारत विभाजन के समय हुई घटनाओं को स्मरण किया गया। वक्ताओं ने देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश देते हुए कहा कि विभाजन की पीड़ा को याद रखते हुए हमें समाज में सौहार्द बनाए रखने के लिए काम करना चाहिए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुरुषोत्तम गौतम ने भारत माता की आरती में सहभागिता की। उन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता के महत्व पर प्रकाश डाला और युवाओं से राष्ट्रहित में कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा देश के भविष्य हैं और उन पर ही भारत को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर सेवा भारती छात्रावास समिति के पदाधिकारी, सदस्य, छात्रावास के विद्यार्थी और अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन भारत माता की आरती और जयघोष के साथ हुआ।