सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले की ग़ैरतगंज तहसील स्थित श्रीनाथ वेयरहाउस में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस में कई अनियमितताएं सामने आईं, जिस पर प्रशासन ने नाराजगी जताई।
जानकारी के अनुसार, गुणवत्ता संबंधी शिकायतों के चलते सर्वेयर द्वारा पहले ही वेयरहाउस में गेहूं तुलाई पर रोक लगाने की बात कही गई थी। इसके बावजूद वेयरहाउस संचालक द्वारा बिना अनुमति तुलाई कार्य जारी रखा गया। एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर तुलाई प्रक्रिया, गेहूं की गुणवत्ता और रिकॉर्ड की जांच की।

निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने पाया कि निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि घटिया गुणवत्ता के गेहूं की तुलाई किए जाने की शिकायतें भी किसानों और संबंधित कर्मचारियों द्वारा की गई थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने संचालक को कड़ी फटकार लगाई और आवश्यक दस्तावेजों की जांच के निर्देश दिए।

एसडीएम ने कहा कि शासन के निर्देशों के विपरीत किसी भी प्रकार की लापरवाही या मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जांच में अनियमितता प्रमाणित होती है तो संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, निरीक्षण की सूचना मिलते ही वेयरहाउस परिसर में किसानों और कर्मचारियों की भीड़ लग गई। किसानों ने प्रशासन से खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।