सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जनगणना अभियान के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण हाउस लिस्टिंग एंड हाउसिंग सेंसस का कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा कर ग़ैरतगंज अनुभाग ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इस उपलब्धि पर तहसील स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगणकों एवं उनके सहयोगी दल को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अनुभाग गैरतगंज में इस कार्य के लिए कुल 249 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक बनाए गए थे।

इनके लिए 185 प्रगणक और 31 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए थे। कार्य 1 मई 2026 से प्रारंभ हुआ था और 7 मई 2026 को संपूर्ण मकान सूचीकरण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया। एसडीएम अंकित जैन, तहसीलदार अमृता सुमन एवं कार्यपालिका मजिस्ट्रेट नरेश सिंह राजपूत ने कार्यक्रम में सभी को सम्मानित किया। एसडीएम अंकित जैन ने सभी प्रगणकों और उनके सहयोगी दल की सराहना करते हुए समय सीमा में कार्य पूर्ण करने पर धन्यवाद दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि फरवरी 2027 में शुरू होने वाले जनगणना के द्वितीय चरण में भी गैरतगंज इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर तहसील का नाम रोशन करेगा। जनगणना कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं एवं उनके समाधान के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। उपस्थित प्रगणकों ने भी मंच के माध्यम से अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में जनगणना तहसील सुपरवाइजर संदीप शर्मा सहित सभी प्रगणक एवं सुपरवाइजर उपस्थित रहे।