सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले के गैरतगंज नगर के प्राचीन श्रीराम जानकी बड़े मंदिर में भगवान परशुराम जी की प्रतिमा के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। ब्राह्मण महासभा एवं सकल ब्राह्मण समाज द्वारा 18 से 20 अप्रैल तक आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्रभर के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं, जिससे पूरे नगर में भक्ति और आस्था का माहौल बना हुआ है।
आयोजन के तहत पिछले दो दिनों में भगवान परशुराम जी की प्रतिमा के विभिन्न वैदिक संस्कार विधि-विधान से संपन्न कराए गए। विद्वान आचार्यों के सान्निध्य में पूजन, हवन, अभिषेक एवं महाभिषेक जैसे धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुए। इन अनुष्ठानों में समाज के वरिष्ठजन, महिलाएं एवं युवाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम के अंतिम दिन सोमवार, 20 अप्रैल को सुबह 9 बजे भगवान परशुराम जी की प्रतिमा का भव्य नगर भ्रमण निकाला जाएगा। यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी, जहां जगह-जगह श्रद्धालु पुष्पवर्षा कर स्वागत करेंगे। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, भजन-कीर्तन, ध्वज एवं बैंड-बाजों के साथ धार्मिक उल्लास का वातावरण रहेगा। नगर भ्रमण के उपरांत शुभ मुहूर्त में भगवान परशुराम जी की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराई जाएगी।
आयोजन समिति के अनुसार, इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिसके मद्देनजर व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष पंडित शिवशंकर शर्मा एवं सकल ब्राह्मण समाज ने समस्त श्रद्धालुओं से सपरिवार कार्यक्रम में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने एवं आयोजन को भव्य बनाने की अपील की है। आयोजन को लेकर नगर में विशेष उत्साह देखा जा रहा है तथा विभिन्न स्थानों पर सजावट एवं स्वागत की तैयारियां भी की गई हैं।