मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
रायसेन जिले के सांची विकासखंड अंतर्गत दीवानगंज के हाट बाजार में रविवार को अक्षय तृतीया के अवसर पर जबरदस्त रौनक देखने को मिली। सुबह से ही बाजार में ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी और देर शाम तक बर्तनों, कपड़ों और अन्य घरेलू सामानों की जमकर खरीदारी होती रही।
दिनभर गुलजार रहा बाजार
त्योहार की मान्यता के चलते लोगों ने शुभ खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में बाजार का रुख किया।बर्तनों की दुकानों पर सबसे ज्यादा भीड़ नजर आई, कपड़ा दुकानों पर महिलाओं की अच्छी खासी भीड़ रही,बच्चों के कपड़े और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की भी अच्छी बिक्री हुई,
दुकानों पर लगी रही भीड़
सुबह से लेकर शाम तक दुकानों पर ग्राहकों की लगातार भीड़ बनी रही। कई जगहों पर ग्राहकों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा, जिससे बाजार में मेले जैसा माहौल नजर आया।
व्यापारियों में उत्साह
त्योहार के चलते बढ़ी बिक्री से व्यापारियों के चेहरे खिले नजर आए। दुकानदारों का कहना है कि इस बार अक्षय तृतीया पर उम्मीद से ज्यादा बिक्री हुई है, जिससे कारोबार को अच्छा सहारा मिला है।
ग्रामीणों ने परंपरा निभाई
अक्षय तृतीया पर नए सामान खरीदने की परंपरा को निभाते हुए ग्रामीणों ने अपने घरों के लिए जरूरी सामान खरीदा और त्योहार की तैयारियों को अंतिम रूप दिया।कुल मिलाकर, दीवानगंज का हाट बाजार अक्षय तृतीया पर पूरी तरह गुलजार रहा और पूरे दिन खरीदारी का सिलसिला चलता रहा।