अंबाडी में पहाड़ पर भड़की आग, ग्रामीणों ने खुद संभाला मोर्चा, एक महीने में छठी घटना, फायर ब्रिगेड की कमी उजागर
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम अंबाडी में इंदिरा आवास कॉलोनी के पीछे स्थित पहाड़ पर देर रात अचानक आग लग गई। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और बिना किसी सरकारी मदद के खुद ही आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीण अपने घरों से बाल्टियां और कुप्पियां लेकर पानी भर-भरकर लाते रहे और देर रात तक कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो यह आग इंदिरा आवास कॉलोनी तक पहुंच सकती थी, जिससे बड़ा नुकसान हो सकता था।

एक महीने में छठी आगजनी, प्रशासन पर उठे सवाल
दीवानगंज क्षेत्र में पिछले एक महीने के भीतर आग लगने की यह छठवीं घटना है, जिससे क्षेत्र में लगातार बढ़ती आगजनी की घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। बार-बार हो रही घटनाओं के बावजूद भी प्रशासन की ओर से ठोस कदम नजर नहीं आ रहे हैं।
फायर ब्रिगेड की कमी बनी बड़ी समस्या
हर बार की तरह इस बार भी फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंच सकी, जिससे ग्रामीणों को खुद ही हालात संभालने पड़े। इससे क्षेत्र में फायर ब्रिगेड की भारी कमी एक बार फिर उजागर हो गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि वे कई वर्षों से दीवानगंज चौकी पर स्थाई रूप से फायर ब्रिगेड की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन अब तक जनप्रतिनिधियों और प्रशासन द्वारा इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया है।
ग्रामीणों में आक्रोश, जल्द समाधान की मांग
लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही क्षेत्र में फायर ब्रिगेड की व्यवस्था नहीं की गई, तो आने वाले समय में बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दीवानगंज क्षेत्र में स्थाई फायर ब्रिगेड की व्यवस्था की जाए, ताकि समय पर आग पर काबू पाया जा सके और जन-धन की हानि से बचा जा सके।