सेमरा में लापरवाही का करंट गिरे खंभे और खुले तार से हादसे का खतरा, 8 दिन बाद भी नहीं जागा बिजली विभाग
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के ग्राम सेमरा में बड़ी लापरवाही सामने आई है। पीएमश्री हाई स्कूल के पास एक सप्ताह पहले भूसे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बिजली का खंभा धराशाई हो गया था, लेकिन 8 दिन बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
स्थानीय निवासी सुनील सेन ने बताया कि हादसे के बाद खंभा जमीन पर ही पड़ा हुआ है और बिजली के तार खुले में लटकते हुए जमीन पर फैले हुए हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि इन तारों में लगातार 24 घंटे करंट दौड़ रहा है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।

यह रास्ता गांव के लोगों के साथ-साथ स्कूल जाने वाले बच्चों का मुख्य मार्ग है। रोजाना सैकड़ों बच्चों और ग्रामीणों का यहां से आना-जाना होता है, लेकिन बिजली विभाग की उदासीनता के चलते सभी की जान जोखिम में पड़ी हुई है
सुनील सेन का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इतनी गंभीर समस्या को भी विभाग नजरअंदाज कर रहा है।
किसी भी वक्त हो सकता है बड़ा हादसा
खुले बिजली तार और गिरे खंभे के कारण यहां करंट फैलने का खतरा लगातार बना हुआ है। यदि समय रहते सुधार कार्य नहीं किया गया तो यह लापरवाही किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से तुरंत मौके पर पहुंचकर खंभा ठीक कराने और खुले तारों को सुरक्षित करने की मांग की है, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके।