अंबेडकर जयंती पर दीवानगंज ग्राम पंचायत में श्रद्धांजलि, ग्राम सभा में एजेंडा पेश,कई विभागों की अनुपस्थिति बनी चर्चा का विषय
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत दीवानगंज में मंगलवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर बाबा साहब के चित्र पर फूल-माला अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद आयोजित ग्राम सभा बैठक में सरपंच गिरजेश नायक द्वारा पंचायत के विकास कार्यों से संबंधित एजेंडा पढ़कर सुनाया गया। बैठक में विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई और ग्रामीणों से सुझाव भी लिए गए।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ कमल सिंह सोलंकी एवं सांची जनपद सीईओ शंकर नामदेव पांसे की उपस्थिति रहे , जिन्होंने ग्राम विकास और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।

हालांकि, ग्राम सभा में पशुपालन विभाग, एएनएम और स्वसहायता समूह के कर्मचारियों की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बनी रही, जिससे संबंधित मुद्दों पर विस्तार से बात नहीं हो सकी।
वहीं, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और पंचायत विभाग के कर्मचारी , हल्का पटवारी सुरेश शर्मा , दीवानगंज सचिव रामप्रसाद मालवीय बैठक में मौजूद रहे और उन्होंने योजनाओं की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम का समापन बाबा साहब के आदर्शों पर चलने और गांव के समग्र विकास के संकल्प के साथ किया गया।

डॉक्टर अंबेडकर जी जयंती पर हाईवे-18 दीवानगंज फैक्ट्री चौराहा से निकली विशाल रैली, जयकारों से गूंजा क्षेत्र
डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में दीवानगंज क्षेत्र में भव्य रैली का आयोजन किया गया। फैक्ट्री चौराहे हाईवे-18 दीवानगंज से लेकर बेरखेड़ी चौराहे तक बहुजन उत्सव समिति सांची के नेतृत्व में विशाल रैली निकाली गई।
रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब के जयकारों के साथ पूरे मार्ग को गुंजायमान कर दिया। जगह-जगह फूल बरसाते हुए उत्साह के साथ रैली आगे बढ़ी, जिससे माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया। रैली का प्रारंभ फैक्ट्री चौराहा दीवानगंज से हुआ जो खेड़ापति हनुमान मंदिर,भवानी चौक, इच्छापूर्ति हनुमान मंदिर दीवानगंज अयोध्या धाम, गणेश चौक से होते हुए बेरखेड़ी चौराहे पर पहुंची।
इस रैली में दीवानगंज, सलामतपुर, बेरखेड़ी चौराहा, सांची सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों के बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला और उन्होंने बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने बाबा साहब के आदर्शों पर चलने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संकल्प दिलाया।

ग्रामीण अंचल में धूमधाम से मनाई गई अंबेडकर जयंती, कई गांवों में हुए कार्यक्रम
सांची विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण क्षेत्र के अंबाडी, सेमरा, नरखेड़ा, जमुनिया, निनोद, सरार और बालमपुर सहित आसपास के गांवों में मंगलवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित कर बाबा साहब को फूल-माला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।

कार्यक्रमों के दौरान वक्ताओं ने डॉ. अंबेडकर के जीवन, संघर्ष और संविधान निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने सामाजिक समानता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
इस मौके पर गांवों के जनप्रतिनिधि, सरपंच, सचिव और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कई स्थानों पर सभाएं आयोजित कर लोगों को बाबा साहब के विचारों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।