मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
दीवानगंज क्षेत्र के ग्राम अंबाडी, ग्राम जमुनिया सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में हनुमान जयंती का पर्व बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न गांवों में भव्य शोभायात्राएं निकाली गईं, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
शोभायात्रा के दौरान भक्तों ने भगवान हनुमान के जयकारों के साथ ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर जमकर नृत्य किया।
ग्राम जमुनिया में देर रात के राम जानकी खेड़ापति हनुमान मंदिर से भव्य यात्रा शुरू हुई जो भैरवनाथ स्वामी, हरदौल बाबा मंदिर खेड़ा से होते हुए पुराना राम जानकी मंदिर पहुंची। जहां पर हनुमान जी की महाआरती के पश्चात प्रसाद वितरण किया गया और देर रात तक भंडारा चलता रहा।

वही ग्राम अंबाडी के अयोध्या धाम मंदिर से भव्य शोभा यात्रा का प्रारंभ हुआ। जो श्री गणेश चौक सदर बाजार मंदिर से होते हुए चांदनी चौक शिव पार्वती मंदिर,साहू मंदिर से होते हुए वापस अयोध्या धाम मंदिर पहुंची जहां पर महा आरती का आयोजन किया गया जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
दीवानगंज, अंबाडी, सेमरा, नरखेड़ा, जमुनिया, निनोद, बरजोरपुर, सरार, कयामपुर, संग्रामपुर, करैया, गिदगढ़, सत्ती, बांसिया, हिनोतिया, भंवर खेड़ी, बालमपुर, देहरी, छोला, चांद पिपरिया, प्रेमपुरा, अनंतपुरा, दहीडा,सहित गांवों में जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा शोभायात्रा का स्वागत फूल वर्षा कर किया गया।
मंदिरों में दिनभर भक्तों की भीड़ उमड़ी रही, वहीं शाम होते ही धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन शुरू हुआ। देर रात तक भजन-कीर्तन और सुंदरकांड पाठ चलते रहे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। मंदिरों में सुबह से ही भक्तों द्वारा हनुमान जी को चोला, झंडा ,निशान चढ़ाने का सिलसिला प्रारंभ हो गया था जो देर शाम तक चलता रहा।

खेड़ापति हनुमान मंदिर, इच्छापूर्ति हनुमान मंदिर, पुराना गुरुद्वारा मंदिर, धोलाघाट हनुमान मंदिर, रेंज हनुमान मंदिर, सेमरा रेलवे स्टेशन दीवानगंज हनुमान मंदिर पर
हनुमान जयंती के अवसर पर कई स्थानों पर विशाल भंडारों का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर सेवा कार्यों में हिस्सा लिया और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
पर्व के दौरान प्रशासन और ग्राम समितियों की ओर से व्यवस्था भी सुचारू रखी गई, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।