– 23 साल बाद हो रही रामलीला को देखने के लिए भारी संख्या में आसपास के ग्रामीण पहुंच रहे हैं।
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम अंबाडी के श्री गणेश चौक सदर बाजार में आयोजित रामलीला के आठवें दिन रात्रि में श्रद्धा और भक्ति से ओत-प्रोत मंचन किया गया। इस अवसर पर श्रीराम और केवट के बीच संवाद तथा शबरी मिलन की लीला प्रस्तुत की गई, जिसने उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
रामलीला के दौरान केवट प्रसंग में दिखाया गया कि कैसे केवट भगवान श्रीराम के चरण धोकर उन्हें नाव में बैठाने की विनम्र प्रार्थना करता है। यह दृश्य भक्ति, समर्पण और समानता का संदेश देता है, जिसे कलाकारों ने जीवंत अभिनय से साकार किया।

वहीं शबरी मिलन प्रसंग में माता शबरी की अटूट भक्ति और भगवान श्रीराम के प्रति उनकी श्रद्धा को दर्शाया गया। शबरी द्वारा प्रेमपूर्वक जूठे बेर खिलाने का प्रसंग दर्शकों के लिए अत्यंत मार्मिक रहा और पूरे वातावरण में भक्ति की भावना फैल गई।
ग्राम अंबाडी सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामलीला देखने पहुंचे। पूरे आयोजन स्थल पर जय श्रीराम के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। आयोजकों ने बताया कि आगामी दिनों में रामलीला के अन्य महत्वपूर्ण प्रसंगों का भी मंचन किया जाएगा।
यह आयोजन ग्रामीण क्षेत्र में धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा को जीवित रखने का एक उत्कृष्ट उदाहरण बन रहा है। ग्राम अंबाडी में 23 साल बाद रामलीला का मंचन हो रहा है। जिसे देखने के लिए दीवानगंज ,अंबाडी , सेमरा, नरखेड़ा, जमुनिया सहित आसपास गांवों के ग्रामीण भारी संख्या में पहुंच रहे हैं।