माता कर्मा देवी के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प – साहू समाज ने मनाया कर्मा देवी जन्मोत्सव समारोह
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले के गैरतगंज नगर में आयोजित भक्त शिरोमणि माता कर्मा देवी जन्मोत्सव समारोह में समाज बंधुओं ने मां कर्मा के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। इस मौके पर मां कर्मा देवी की विशेष पूजन की गई तथा महाप्रसादी का वितरण किया गया।
साहू समाज की आराध्य देवी भक्त शिरोमणि माता कर्मा देवी जन्मोत्सव समारोह के अवसर पर श्रीरामजानकी-मां कर्मादेवी मंदिर में विशेष पूजा का कार्यक्रम समाज द्वारा किया गया। हिन्दू उत्सव समिति, रामजानकी मंदिर समिति, सनातन सेवा समिति, व्यापार संघ, साहू समाज समिति सहित अन्य संगठनों के लोग विशेष रूप से कार्यक्रम में उपस्थित रहे। विशेष पूजा अर्चना के बाद श्री रामजानकी धर्मशाला में धर्मसभा का आयोजन किया गया।

धर्मसभा में कर्मा देवी के जीवन चरित्र पर चर्चा कर समाज जनों ने उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मां कर्मा देवी को मानवता की रक्षक निरूपित करते हुए समाज जनों से उनके आदर्शों पर चलने का आग्रह किया। साहू समाज के अध्यक्ष सुरेशचंद नायक के नेतृत्व में पूजा कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। सभी धर्मालंबियों ने आयोजन में माता कर्मा देवी मंदिर में नमन किया।

इस मौके पर समाज के मेधावी छात्र छात्राओं का सम्मान किया गया। आयोजन में महाप्रसादी के रूप में विशेष रूप से जगन्नाथ के भात खिचड़ी के प्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन में सभी वर्गों व समाजों के सैकड़ों धर्मप्रेमी महिला पुरूष मौजूद रहे।