मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले पीएमश्री शासकीय हाई स्कूल सेमरा के तीन शिक्षकों को एक निजी इंस्टीट्यूट द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य असमत बेगम, व्यावसायिक शिक्षा प्रभारी प्रकाश मीणा तथा संगीत शिक्षक कामना गौर को शॉल एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया।
यह सम्मान शिक्षकों द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा से जुड़ी विभिन्न योजनाओं को प्रभावी रूप से छात्रों तक पहुँचाने, विद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु किए जा रहे निरंतर प्रयासों के लिए प्रदान किया गया।
सम्मान प्राप्त होने पर विद्यालय के अन्य शिक्षकों, छात्रों एवं ग्रामीणजनों ने इसे पूरे विद्यालय और क्षेत्र का सम्मान बताते हुए शिक्षकों की प्रशंसा की। इस अवसर पर प्राचार्य असमत बेगम ने कहा कि इस प्रकार के सम्मान शिक्षकों को और अधिक जिम्मेदारी एवं उत्साह के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं एवं शिक्षा प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने की बात कही। कार्यक्रम के अंत में उपस्थितजनों ने सम्मानित शिक्षकों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।