प्रभारी कलेक्टर तन्मय वशिष्ठ शर्मा ने सांची महोत्सव तथा मेला आयोजन की व्यवस्थाओं के संबंध में दिए निर्देश
सांची में महाबोधि महोत्सव एवं मेला का आयोजन 29 तथा 30 नवम्बर को
देवेन्द्र तिवारी सांची रायसेन
सांची मे होने वाले महाबोधि महोत्सव को लेकर गेटवे रिट्रीट मे बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिये एवं कहा जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी सांची में 29 तथा 30 नवम्बर 2025 को महाबोधि महोत्सव एवं मेला का आयोजन किया जाएगा। प्रभारी कलेक्टर श्री तन्मय वशिष्ठ शर्मा द्वारा मंगलवार को गेटवे रिट्रीट सांची में आयोजित बैठक में महाबोधि महोत्सव एवं मेला आयोजन की तैयारियों हेतु अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में महाबोधि सोसायटी के धर्मगुरू भी उपस्थित रहे।
प्रभारी कलेक्टर तन्मय वशिष्ठ शर्मा ने यातायात व्यवस्था, वाहन पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं के बारे में अधिकारियों से विस्तृत चर्चा करते हुए कहा कि सांची महोत्सव और मेले में प्रदेश ही नहीं देश और विदेश से भी पर्यटक आते हैं जिसके दृष्टिगत गरिमामय तथा व्यवस्थित आयोजन हेतु सभी तैयारियां समय से पहले ही पूरी कर ली जाएं। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री पंकज कुमार पाण्डे द्वारा सुरक्षा व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, बेरिकेडिंग आदि के संबंध में पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया। बैठक के उपरांत प्रभारी कलेक्टर श्री शर्मा द्वारा अधिकारियों के साथ बौद्ध स्तूप परिसर पहुंचकर भ्रमण किया गया तथा पार्किंग, पर्यटकों के स्तूप परिसर में आगमन-निर्गमन, स्वच्छता व्यवस्था आदि के संबंध में निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री मनोज उपाध्याय, एसडीएम श्री मनीष शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।