शरद शर्मा बेगमगंज, रायसेन
कृषि विभाग सभागार में भावांतर योजना कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नपाध्यक्ष संदीप लोधी ने अपने उद्बोधन में किसानों से आव्हान किया कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराजसिंह चौहान एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किसानों को सोयाबीन की फसल पर अतिरिक्त आर्थिक लाभ देने के लिए भावांतर योजना शुरू की है।जिसका पंजीयन होना शुरू हो गया है। जिस तरह गेंहू या अन्य जिंस बेंचने के लिए पंजीकरण कराते थे ठीक उसी प्रकार उन्ही दस्तावेजों के आधार पर पंजीयन कराकर योजना का लाभ उठाएं।
विशिष्ट अतिथि भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष पार्षद अजय जाट ने मोबाइल नहीं रखने वाले किसानों का मुद्दा उठाते हुए कृषि अधिकारियों से ऐसे छोटे किसानों से समय सीमा कम होने के कारण सीधे व्यक्गित संपर्क करके उन्हें योजना का लाभ पहुंचाने के लिए उनके पंजीयन की व्यवस्था कराने के साथ बेंचे गए सोयाबीन पर मिलने वाले भावांतर राशि की जानकारी उपलब्ध कराने के सुझाव का सुझाव दिया।
कृषि मंडी प्रतिनिधि अशोक जैन ने किसानों से सोयाबीन की बिक्री अलग -अलग कर पर्ची बनवाने की सलाह दी ताकि खातों में आने वाली राशि में घपला ना हो क्योंकि राशि संबंधित क्षेत्र के खातेदार किसानों को उसी बैंक से मिलेगी जहां पर उनका खाता होगा।
कृषि अधिकारी डीके नायक ने बताया कि तहसील में सोयाबीन का रकबा 15 हजार हेक्टेयर में है। भावांतर योजना अंतर्गत किसानों का पंजीयन ई – उपार्जन पोर्टल पर 3 अक्टूबर 2025 से 17 अक्टूबर 2025 तक होगा।सहकारी संस्थाओं सुमेर , पांडाझिर , भूरेरु एवं पन्दरभटा एवं सभी ऑनलाइन केंद्रों पर किया जा रहा है।
आत्मा समिति प्रभारी मोतीराम इनवाती ने सोयाबीन फसल विक्रय के लिए भावांतर योजना की विस्तृत जानकारी कृषकों को देते हुए बताया कि सोयाबीन भावांतर योजना का लाभ 24 अक्टूबर 2025 से 15 जनवरी 2026 तक होगा।।
जैसे विक्रय मूल्य एमएसपी से कम लेकिन मंडी के मॉडल भाव से अधिक होने पर विक्रय मूल्य एवं एमएसपी के अंतर की राशि किसानों को प्रदान की जाएगी। जैसे न्यूनतम समर्थन मूल्य₹5328 रूपए है और सोयाबीन का मॉडल भाव₹4600 रूपए हुआ तथा किसान का विक्रय मूल्य 4800 रूपए रहा तो विक्रय मूल्य एवं एम एसपी के अंतर की राशि 428 रुपए भावांतर की राशि राज्य सरकार द्वारा 15 दिवस में किसान के आधार लिंक बैंक खाते में सीधे प्रदान की जाएगी । इस अवसर पर जनपद पंचायत कृषि विभाग समिति सभापति लोकेंद्र सिंह लोधी , किसान संगठन अध्यक्ष शौरभ शर्मा , बालगिरी गोस्वामी , बैजनाथ पाण्डे , जनपद सदस्य रामस्वरूप रजक सहित बड़ी संख्या में किसान प्रतिनिधि मौजूद रहे।