शरद शर्मा बेगमगंज रायसेन
नगर पालिका परिषद द्वारा नगर में मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए कीटनाशक दवाओं का छिड़काव लगातार किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को वार्ड क्रमांक 4 गडोईपुर सहित कई क्षेत्रों में दवा का छिड़काव किया गया। विशेष रूप से स्कूलों के आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से कीटनाशक छिड़काव किया गया, जिससे बच्चों को संक्रमणजनित बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।
नपा अध्यक्ष संदीप लोधी ने छिड़काव कार्य का निरीक्षण करते हुए नागरिकों से अपील की कि नगर को मच्छर मुक्त बनाने में सभी की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि लोग अपने घरों और आस-पास की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें। घरों में रखे कूलर, पानी की टंकी, पक्षियों के लिए रखे सकोरे तथा अन्य पात्रों में भरा पानी प्रत्येक सात दिवस में अवश्य बदलें। ऐसा करने से मच्छरों के लार्वा पनपने की संभावना कम हो जाएगी और डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकेगा।
नगर पालिका सीएमओ राजेंद्र शर्मा का कहना है कि आने वाले दिनों में शेष वार्डों में भी क्रमवार दवा का छिड़काव किया जाएगा, ताकि पूरे नगर में स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित हो सके।