अभिषेक असाटी बक्सवाहा
आगामी त्यौहार गणेश चतुर्थी, पर्यूषण पर्व और ईद मिलादुन्नबी को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने हेतु सोमवार शाम थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में तहसीलदार भरत पांडे ने कहा कि त्योहारों का उद्देश्य भाईचारे को बढ़ावा देना है, इसलिए सभी समुदायों को सहयोग कर सौहार्द बनाए रखना चाहिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि सुरक्षा व्यवस्था में कोई कमी नहीं रहेगी।
थाना प्रभारी सुनीता बिदुआ ने कहा कि प्रशासन सभी वर्गों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी असामाजिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
बैठक में शांति समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और पत्रकार मौजूद रहे। नगर परिषद ने साफ-सफाई और बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया। विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के सुझाव दिए।
इस अवसर पर तहसीलदार भरत पांडे, थाना प्रभारी सुनीता बिदुआ, नायब तहसीलदार सुनील केवट, एसआई अवधेश दुबे, सहित भाजपा व कांग्रेस पदाधिकारी, स्थानीय नेता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।