अनुराग शर्मा सीहोर
जिला अस्पताल में अब मनमानियां राजनीतिक दल भाजपा-कांग्रेस के सिर के भी ऊपर हो गई है। इन मनमानियों को बीजेपी-कांग्रेस का भी खौफ नहीं आए। बीते कुछ दिनों से सीहोर विधानसभा क्षेत्र के जनप्रतिनिधि अस्पताल की मनमानियों को लेकर मुखर हो रहे हैं, बावजूद अस्पताल में मनमानियां थमने का नाम नहीं ले रही है। इसका उदाहरण आज सप्ताह के पहले दिन सोमवार को भी दिखाई दिया, जब सुबह 9.20 बजे तक एएनसी ओपीडी, सोनाग्राफी सहित अन्य वार्डों में स्टॉफ सदस्य ही नहीं पहुंचे। यहां मरीज जिम्मेदारों का इंतजार करते देखे गए।
मालूम हो कि जिला अस्पताल की खामियों को सबसे पहले कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने उजागर किया। उन्होंने सार्वजनिक मंच से जिला अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। सप्ताह भर पहले आयोजित धरना प्रदर्शन के दौरान कहा कि जिला अस्पताल के कुछ डॉक्टर-कर्मचारियों ने जिला अस्पताल के 40 नंबर कमरे को बार बनाकर रख दिया है। इस कमरे में अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारी दारू पीते हैं और इसके बाद मरीजों का इलाज करते हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने कहा कि जिला अस्पताल प्रबंधन निरकुंश हो गया है। आए दिन अस्पताल में स्टॉफ सर फुटब्बल कर रहा है। 40 नंबर कमरे को बार बना दिया गया है। वहां दारू पीकर कर्मचारी और डॉक्टर ड्यूटी करते हैं। यह सीएमएचओ के संज्ञान में भी है, जिला प्रशासन के संज्ञान में भी है। लिफ्ट बंद पड़ी है। स्थिति यह है कि 10 से अधिक सफाईकर्मी हैं जो कोई लैब टेक्रीशियन का काम कर रहा है तो कोई मेडिकल में दवाईयां बाट रहा है। आखिर आप जिला अस्पताल को चला रहे हैं या सर्कस चला रहे हैं। जबाव देना चाहिए। यदि तुरंत जिला प्रशासन नहीं जागा और जिला अस्पताल प्रबंधन पर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस उग्र प्रदर्शन करेगी।
बीजेपी नेता ने भी डिप्टी सीएम को लिखा पत्र
जिला अस्पताल की इस अव्यवस्था को लेकर कांग्रेस को बीजेपी का साथ मिला और बीजेपी नेता गौरव सन्नी महाजन ने अस्पताल की खामियों को लेकर डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल को पत्र लिखा। इस पत्र में वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव सन्नी महाजन ने जिला अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉक्टर और प्रबंधन पर जबरदस्त आरोप लगाए हैं। उन्होंने जिला अस्पताल में साजिश के तहत जानबूझकर हड्डी रोगों से संबंधित ऑपरेशन बंद करने और निजी अस्पतालों के संचालकों से साठं गांठ कर मोटा पैसा बनाने के लिए हड्डी से संबंधित मरीजों को उनके अस्पतालों में जबरन भेजने और मरीजों को परेशान करने के लिए ओपीडी में ऑनलाइन टोकन सिस्टम से पर्चे बनाने के खुले आरोप लगाए हैं।
सांठ-गांठ का लगाया आरोप
भाजपा नेता महाजन द्वारा रविवार को उप मुख्यमंत्री एवं लोक स्वास्थ कल्याण मंत्री मध्य प्रदेश शासन राजेंद्र शुक्ल को शिकायती पत्र लिखकर तत्काल जिला अस्पताल में हड्डी रोगियों के हित में हड्डी ऑपरेशन शुरू कराई जाने और ओपीडी में मोबाइल के माध्यम से किए जा रहा है रजिस्ट्रेशन के साथ सामान्य तौर पर पूर्व की तरह मरीज के पर्चे बनाए जाने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को दिए जाने और निजी अस्पताल संचालकों से साठगांठ कर भाजपा सरकार को बदनाम करने वाले डॉक्टरों पर सख्त कार्यवाही किए जाने कि मांग की है।
हड्डी से संबंधित आपरेशन बंद
उपमुख्यमंत्री को लिखे पत्र में भाजपा नेता गौरव सन्नी महाजन ने कहा कि जिला अस्पताल में शासन द्वारा प्रर्याप्त मात्रा में हड्डीरोग विशेषज्ञ एवं सभी प्रकार के आपरेशन में उपयोग होने वाले यंत्र जिला चिकित्सालय सीहोर को उपलब्ध कराये गये है लेकिन कुछ चिकित्सकों की प्राईवेट अस्पताल के साथ संठ.गांठ होने के कारण सीहोर जिला चिकित्सालय में हड्डी के सम्बंधित आपरेशन बंद कर दिये गये है। इन आरोपों के बाद भी जिला अस्पताल में व्यवस्थाएं सुधरने का नाम नहीं ले रही है। सप्ताह के पहले दिन सोमवार को ही अस्पताल के प्रमुख विभागों में सुबह 9.20 बजे तक जिम्मेदार ही नहीं पहुंचे।