बिलासपुर। प्रत्येक व्यक्ति यातायात के नियमों का शत प्रतिशत पालन करे तो दुर्घटना मुक्त भारत की कल्पना साकार हो सकती है। यातायात नियमों का पालन करने से दूसरों की भी जान बचाई जा सकती है। ये बातें आइजी अजय यादव ने राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के पहले दिन आयोजित हेलमेट बाइक रैली को हरी झंडी दिखाने से पहले कही। भूतल परिवहन एवं सड़क राजमार्ग मंत्रालय की ओर से इन दिनों पूरे भारत में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आयोजन किया जा रहा है।
इसी कड़ी में सोमवार को पहले दिन हेलमेट बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली अरपा रिवर व्यू से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। इस दौरान आम लोगों को यातायात के नियमों के पालन करने कहा गया। साथ ही हेलमेट के फायदे बताए गए। रैली पुलिस ग्राउंड पहुंचकर समाप्त हुई। रैली के साथ ही यातायात रथ से यातायात सुरक्षा संबंधी संदेशों का प्रसार किया गया। इसमें जिला पुलिस बल, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस व सुरक्षा समिति के सदस्य शामिल हुए। साथ ही करीब 500 विद्यार्थी रैली में शामिल हुए।
कार्यक्रम में एएसपी सिटी राजेंद्र कुमार जायसवाल, एएसपी ग्रामीण अर्चना झा, सीएसपी संदीप पटेल, यातायात डीएसपी संजय साहू, एनएसएस समन्यवयक मनोज सिन्हा, एनसीसी के आशीष शर्मा और स्वयंसेवी संगठन के सदस्य शामिल रहे। एक महीने तक कैंप में बनाया जाएगा ड्राइविंग लाइसेंस यातायात डीएसपी संजय साहू ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान एक महीने तक ड्राइविंग लाइसेंस बनवाया जाएगा।
इसके लिए यातायात थाने में कैंप लगाया गया है। यहां पर आधार कार्ड, जन्मतिथि निर्धारण के लिए दसवीं की अंकसूची, पैन कार्ड या जन्म प्रमाण पत्र और दो पासपोर्ट साइज फोटो लाने होंगे। कैंप के पहले दिन 30 लोगों के लाइसेंस बनाए गए।