सी एल गौर रायसेन
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के चलते आगामी 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर चुनावी गतिविधियां पूरे जोर-जोर के साथ चल रही हैं, इसी क्रम में मंगलवार को दोपहर 2:00 बजे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रसाद नड्डा भोजपुर विधानसभा क्षेत्र के बड़ी में भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र पटवा के पक्ष में विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे, वहीं दूसरी ओर मध्य प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री और देश के लोक प्रिय फायर ब्रांड नेता शिवराज सिंह चौहान उदयपुरा विधानसभा क्षेत्र के बरेली में भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र पटेल के पक्ष में चुनावी विशाल आम सभा को संबोधित करेंगे। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश शर्मा एवं उदयपुरा विधानसभा चुनाव के प्रभारी भाजपा नेता सुरेंद्र तिवारी ने बताया कि मंगलवार को दोनों ही वरिष्ठ नेताओं की सभाएं होने जा रही हैं । इधर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनकर ने जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश शर्मा के साथ बड़ी पहुंचकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डा की होने वाली चुनावी जनसभा स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं के बारे में जायजा लिया एवं भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं को तैयारी के संबंध में उचित मार्गदर्शन दिया। बड़ी में राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डा एवं बरेली में मुख्यमंत्री श्री चौहान की जनसभा को लेकर क्षेत्र में अति उत्साह का वातावरण देखने में आ रहा है, दोनों ही सभाओं में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना व्यक्त की जा रही है । ज्ञात हो कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की रायसेन जिले के बाड़ी में होने जा रही पहली चुनावी जनसभा है, जिन्हें सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग बड़ी पहुंचेंगे, वहीं दूसरी ओर बरेली में आयोजित होने वाली चुनावी जनसभा में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को सुनने के लिए भी बड़ी संख्या में लोग बरेली पहुंचेंगे। उदयपुरा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र शिवाजी पटेल एवं भोजपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र पटवा ने क्षेत्र की आम जनता के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर चुनावी जनसभा को सफल बनाए जाने की अपील की है।