देवेन्द्र कुमार जैन भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में शुक्रवार को मंत्रालय में मध्यप्रदेश राज्य वन्य प्राणी बोर्ड की बैठक संपन्न हुई। बैठक में वन मंत्री कुँअर विजय शाह, मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, बोर्ड के सदस्यगण सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बोर्ड की बैठक में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में वन्य प्राणी संरक्षण क्षेत्र में अच्छा कार्य हो रहा है। बैठक में विभिन्न प्रस्ताव पर चर्चा हुई। कूनो पालपुर में चीता परियोजना, माधव राष्ट्रीय उद्यान में बाघों की पुनर्स्थापना, बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में बारहसिंघा स्थापना से संबंधित विषयों पर चर्चा हुई।

बैठक में बताया गया कि नर्मदापुरम जिले में पचमढ़ी में सतपुड़ा अंचल के प्रमुख श्रद्धा स्थल चौरागढ़ तक रोपवे की स्थापना के लिए पहल की गई है। मुख्यमंत्री चौहान ने इस विषय पर संबंधित पक्षों पर विचार करने के बाद आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। महावत के पद भरने और उन्हें विद्यालयीन शिक्षा के बिना भी हुनरमंद और शिक्षित मानकर प्रोत्साहित करने के लिए आवश्यक प्रावधान करने पर चर्चा हुई।