रूपेश मेहरा बरेली रायसेन
गर्मी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए समाजसेवी संस्था टीम पहल द्वारा नगर के विभिन्न स्थानों पर निराश्रित पशुओं एवं पक्षियों के लिए जल पात्र रखे गए हैं। टीम पहल का उद्देश्य भीषण गर्मी के मौसम में प्यास से परेशान जीव-जंतुओं को राहत प्रदान करना है।
टीम पहल के सक्रिय सदस्यों ने बताया है कि मुख्य स्थानों पर जल पात्र रखे गए हैं जैसे की, बड़ा बाजार, छोटा बाजार, नवीन टॉकीज चौराहा, काली मंदिर, राजीव गांधी बस स्टैंड, पिपरिया नाका, नगर के सार्वजनिक मंदिरों के आसपास क्षेत्र, पार्कों तथा शांत स्थानों पर मिट्टी और प्लास्टिक के पात्रों में स्वच्छ पानी भरकर रखा है, ताकि गाय, कुत्ते, पक्षी एवं अन्य जीव आसानी से पानी पी सकें।
टीम पहल के सदस्यों ने बताया कि गर्मी के दिनों में पानी की कमी के कारण कई पशु-पक्षियों की जान तक चली जाती है, इसलिए सभी नागरिकों को भी इस तरह के छोटे-छोटे प्रयास करने चाहिए। जल पात्र रखने के साथ-साथ टीम द्वारा लोगों से अपील की गई है कि वे इन पात्रों को नुकसान न पहुँचाएं और यदि संभव हो तो उनमें नियमित रूप से पानी भरते रहें।
टीम पहल के सदस्यों ने कहा कि यह अभियान पूरे गर्मी के मौसम में लगातार चलाया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर और अधिक स्थानों पर जल पात्र रखे जाएंगे। इस कार्य में नगर के युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं का भी सहयोग मिल रहा है।
इस सराहनीय पहल से नगरवासियों में सेवा और जीव-दया की भावना जागृत हो रही है तथा लोग भी आगे आकर इस अभियान में सहयोग देने के लिए प्रेरित हो रहे हैं।