बेगमगंज तहसील के आधा दर्जन ग्रामो में हुई ओलावृष्टि ,किसान हुए परेशान
रायसेन। जिले के बेगमगंज में तहसील में एक बार फिर कुदरत का कहर टूटा है और करीब आधा दर्जन ग्रामों में ओलावृष्टि होने से फसलें बर्बाद हो गई हैं।

मौसम के पूर्वानुमान अनुसार एक बार फिर मौसम ने करवट बदली और सर्द हवाओं के साथ ओलावृष्टि ने किसानों के ऊपर फिर से आफत ला दी है जैसे तैसे किसान अपनी फसलों को समेटने में लगा हुआ था ऐसे में अचानक हुई ओलावृष्टि से किसान टूट सा गया है। करीब 15 से 20 मिनट तक बेर से बड़े आकार के ओले गिरने से करीब आधा दर्जन ग्रामों की फसलें प्रभावित हुई हैं इसमें तीन ग्रामों में काफी देर तक ओलावृष्टि होने से फसलें चौपट हो गई हैं।

क्षेत्र के खजुरिया बरामद गढ़ी झिरिया बरामद गढ़ी और ककरुआ बरामद गढ़ी में अचानक गरज चमक के साथ बारिश हुई और ओले गिरने लगे किसान अपने खेतों में फसल की कटाई और थ्रेसिंग में लगा हुआ था यहां वहां भागकर उन्होंने अपनी जान बचाई और अपनी आंखों के सामने फसल को बर्बाद होता देखकर कई किसानों आंखों से आंसुओं की झड़ी लग गई।

किसान जाहर सिंह लोधी, सीताराम , हरनाम सिंह लोधी, आदि ने बताया कि काफी देर तक बारिश के साथ ओलावृष्टि होने से खड़ी फसलें आड़ी हो गई हैं बालियों से दाने झड़कर खेतों में गिर गए हैं वही कटी रखी हुई फसल भी भीग गई है ।