अंबाडी, सेमरा और दीवानगंज में सजी पूजन सामग्री की दुकानें, पर्व से एक दिन पहले ही ग्रामीणों ने की खरीदारी
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
देवउठनी ग्यारस पर्व को लेकर गुरुवार को क्षेत्र के बाजारों में रौनक देखने को मिली। अंबाडी, सेमरा और दीवानगंज में सुबह से ही पूजन सामग्री की दुकानें सजने लगी थीं। देर शाम तक दुकानों पर ग्रामीणों की आवाजाही बनी रही। पर्व पर भगवान विष्णु की पूजा और तुलसी विवाह की परंपरा को लेकर लोगों ने गन्ने, सिंघाड़े सहित अन्य पूजन सामग्री की जमकर खरीदारी की।
देवउठनी ग्यारस को हिंदू धर्म में विशेष महत्व दिया जाता है। मान्यता के अनुसार इस दिन भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागते हैं और इसके साथ ही मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। पर्व को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह नजर आया। कई परिवारों ने एक दिन पहले ही पूजन की तैयारियां पूरी कर लीं और बाजार पहुंचकर जरूरी सामग्री खरीदी।
अंबाडी, सेमरा और दीवानगंज के बाजारों में गन्ने और सिंघाड़े की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही। इसके साथ ही पूजा में उपयोग होने वाली अन्य सामग्री की भी बिक्री हुई। शाम तक बाजारों में चहल-पहल बनी रही और पर्व को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में उत्सवी माहौल दिखाई दिया।