वन परिषद में हुआ प्रशिक्षण कार्यक्रम, समिति प्रबंधकों एवं ऑपरेटरों को धान की गुणवत्ता जांच और मानकों की दी गई जानकारी
सी के पारे रायसेन
मध्य प्रदेश सिविल सप्लाईज कॉरपोरेशन लिमिटेड, जिला रायसेन द्वारा गुरुवार को खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत धान उपार्जन एवं गुणवत्ता संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन वन परिसर रायसेन में किया गया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य धान उपार्जन प्रक्रिया से जुड़े समिति प्रबंधकों एवं ऑपरेटरों को धान की गुणवत्ता, निर्धारित मापदंडों तथा उपार्जन के दौरान गुणवत्ता परीक्षण की प्रक्रिया से अवगत कराना रहा।
कार्यक्रम में श्री राहुल नायक संयुक्त कलेक्टर डीएम नान, श्री रवि रघुवंशी एफसीआई भोपाल सहित जिला स्तर के संबंधित अधिकारी एवं विशेषज्ञ उपस्थित रहे। इस दौरान श्रीमती अंजलि धुर्वे उपायुक्त, डी आर ऑफिस,श्री अजय कुमार झा, महाप्रबंधक, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायसेन, श्री राजू कातूलकर, फूड ऑफिसर, श्री डी.एस. अर्गल, वेयरहाउस प्रबंधक, तथा श्रीमती संगीता बंजारी ए.एस.ओ, श्री आकाशदीप चौहान जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, श्री केशव रघुवंशी, पर्यवेक्षक रायसेन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रशिक्षण में जिले की विभिन्न उपार्जन समितियों के समिति प्रबंधकों एवं ऑपरेटरों ने सहभागिता की। अधिकारियों द्वारा धान की गुणवत्ता से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान धान की गुणवत्ता की पहचान, निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप धान की जांच, नमी एवं अन्य गुणवत्ता संबंधी बिंदुओं पर विशेष रूप से समझाइश दी गई, ताकि उपार्जन केंद्रों पर किसानों से धान खरीदी के दौरान निर्धारित मापदंडों का सही ढंग से पालन सुनिश्चित किया जा सके।

फूड ऑफिसर श्री राजू कातूलकर ने प्रशिक्षण के दौरान धान की गुणवत्ता से जुड़े आवश्यक मानकों एवं जांच प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उपार्जन प्रक्रिया में धान की गुणवत्ता का परीक्षण महत्वपूर्ण है और समिति स्तर पर कार्य करने वाले कर्मचारियों को निर्धारित मानकों की सही जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने गुणवत्ता जांच में उपयोग किए जाने वाले टूल्स एवं उपकरणों के उपयोग तथा उनके माध्यम से धान की गुणवत्ता का आकलन करने की प्रक्रिया को भी समझाया।
वहीं अन्य अधिकारियों द्वारा भी धान उपार्जन के दौरान आने वाली व्यवहारिक समस्याओं, गुणवत्ता परीक्षण, भंडारण तथा उपार्जित धान को निर्धारित मानकों के अनुसार सुरक्षित रखने से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित समिति प्रबंधकों एवं ऑपरेटरों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए अधिकारियों ने उन्हें कार्य के दौरान गुणवत्ता संबंधी सावधानियां बरतने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान उपार्जन प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाए रखने के लिए मैदानी अमले की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रशिक्षण के माध्यम से कर्मचारियों को तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराई गई, जिससे उपार्जन केंद्रों पर धान की गुणवत्ता का सही परीक्षण एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने सभी समिति प्रबंधक कैलाश गौर, पेमत राजेंद्र उपाध्याय, नरेंद्र ठाकुर बिदपुरा,वीरेंद्र राजपूत चैनपुर, त्रिलोचन सिंह सुल्तानपुर, संतोष साहू नरवर, प्रदीप शर्मा बाड़ी एवं जिले से धान उपार्जन संबंधित सभी समिति प्रबंधकों एवं ऑपरेटरों को प्रशिक्षण में दी गई जानकारी को उपार्जन केंद्रों पर प्रभावी रूप से लागू करने तथा किसानों को भी गुणवत्ता संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया।