सत्यवन गोस्वामी सुल्तानगंज रायसेन
रायसेन जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बेरखेड़ी राजाराम में खेत पर गए चाचा-भतीजे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने जब दोनों को फोन लगाया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर उनकी तलाश शुरू की, जिसके बाद नदी किनारे एक खेत में दोनों के शव मिले। परिजनों ने खेत में लगाए गए तारों में करंट होने की आशंका जताई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम बेरखेड़ी राजाराम निवासी 45 वर्षीय अशोक अहिरवार अपने 16 वर्षीय भतीजे संजय अहिरवार के साथ सोमवार दोपहर फूल तोड़ने के लिए खेत की ओर गए थे। देर शाम तक दोनों वापस घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। परिजनों ने दोनों के मोबाइल पर फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।

इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस की और उसी आधार पर तलाश शुरू की। मोबाइल लोकेशन के आधार पर नदी किनारे ग्राम चौकीदार नर्मदा चढ़ार के खेत में तलाश की गई, जहां दोनों के शव मिले।
परिजनों के अनुसार अशोक के हाथ में तार फंसा हुआ था। खेत में जंगली जानवरों से फसल बचाने के लिए तार लगाए गए थे, जिनमें करंट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

घटना की जानकारी मिलने के बाद सुल्तानगंज तहसीलदार देवेंद्र शुक्ला भी मृतकों के परिजनों से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली और उनके बयान दर्ज किए। तहसीलदार ने परिजनों को आश्वासन दिया कि पुलिस की जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।