शरद शर्मा बेगमगंज रायसेन
अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के आव्हान पर आज गुरुवार से नगर पालिका परिषद के सभी 60 सफाईकर्मियों द्वारा अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी गई है ।
विभिन्न मांगों को लेकर आज एसडीएम कार्यालय पहुंचकर सफाईकर्मियों ने एक ज्ञापन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नाम दिया है ।
ज्ञापन सौंपने वाले सफाईकर्मियों में गोपाल खरे , नर्मदा प्रसाद, जीवन खरे , धर्मेंद्र घबरिया, संजय नरवरे , मिथुन खरे , श्रीमती शोभा बाई , सावित्रीबाई , रेखा बाई ,सहोदराबाई , विक्की खरे , राजुल , करण , देवेंद्र , विकास , आकाश , विनोद ,राजा , अमित , विजय इत्यादि सहित वार्ड पार्षद अहमद अली के द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई है कि आउटसोर्स व्यवस्था नीति को समाप्त किया जाकर स्थाई एवं नियमित भर्ती की जाए। नगरीय निकायों एवं अन्य चिकित्सालयों , विद्यालयों , छात्रावासों एवं अन्य संस्थाओं में कार्यरत विनियमित , दैनिक वेतनभोगी , रोस्टर संविदा एवं अन्य श्रेणियों के पात्र सफाईकर्मियों को नीति बनाकर नियमितीकरण की कार्रवाई की जाए।
समान कार्य के लिए समान वेतनमान , सम्मानजनक न्यूनतम वेतन 25000 रुपए निर्धारित किए जाने के साथ ही महंगाई एवं अन्य भत्तों का वैधानिक सुविधाओं का लाभ दिया जाए।
पात्र सफाईकर्मियों को योग्यताअनुसार एवं नियमानुसार अनुभव का लाभ लेते हुए पदोन्नति का लाभ जाए ।
पुरानी पेंशन व्यवस्था वर्ष 2004 के बाद नियुक्त कर्मचारियों के लिए लागू कर सुरक्षित एवं सम्मानजनक पेंशन का लाभ सुनिश्चित किया जाए और स्वास्थ्य सुरक्षा, सम्मानजनक सेवानिवृत्ति के लिए सभी सफाई कर्मचारियों को गुणवत्तापूर्ण सुरक्षा उपकरण , नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, जोखिम बीमा एवं समुचित उपचार की सुविधा दी जाए। गंभीर रूप से बीमार कर्मचारी को चिकित्सा लाभ के साथ कार्यजनित अक्षमता एवं असमय मृत्यु की परिस्थितियों के लिए प्रभावी सहायता नीति बनाई जाए। निर्धारित पात्रता एवं नियम के अंतर्गत स्वास्थ्यकर्मी से सम्मानजनक सेवानिवृत्त एवं आश्रित को रोजगार देने की व्यवस्था पर भी विचार किया जाए सहित इत्यादि मांगों को लेकर आज गुरुवार से ही सभी सफाईकर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए ।
जिससे नगर के सभी 18 वार्डों में दीपावली से पूर्ण होने वाली साफसफाई व्यवस्था ठप्प हो गई है ।
सभी 18 वार्डों से 15 कचरा वाहनों द्वारा घर – घर से कचरा कलेक्शन किया जाता है जो सब भी नहीं हो पाएगा। जिसको लेकर नागरिकों में चिंता बढ़ गई है। नगर में प्रतिदिन करीब 1 टन कचरा संकलित करके डिस्पोजल किया जाता है। दीपाली पर्व को मात्र तीन दिन बचे हैं और ऐसे में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से नगर में हाहाकार मच गया है।