किसानों की समृद्धि और खुशहाली के लिए सरकार प्रतिबद्ध- प्रभारी मंत्री श्री पंवार
किसानों को पराली प्रबंधन, उन्नत कृषि यंत्रों और बीजों की दी गई जानकारी
रायसेन। शास.पॉलीटेक्निक कॉलेज में आयोजित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किश्त वितरण ‘‘पीएम किसान उत्सव दिवस‘‘ कार्यक्रम का मछुआ कल्याण एवं मत्स्य पालन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और जिले के प्रभारी मंत्री श्री नारायण सिंह पंवार, सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी तथा भोजपुर विधायक श्री सुरेन्द्र पटवा ने कन्यापूजन तथा दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में केन्द्र और प्रदेश सरकार किसानों के कल्याण एवं उनकी आर्थिक उन्नति के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत केंद्र सरकार द्वारा किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये तथा मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के माध्यम से प्रदेश सरकार द्वारा 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इस प्रकार प्रदेश के पात्र किसानों को प्रतिवर्ष कुल 12 हजार रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की जा रही है।

उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाने के लिए सरकार द्वारा सिंचाई सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। किसानों को खेती के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने के साथ ही आधुनिक एवं उन्नत कृषि तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कृषि यंत्रों की खरीद पर अनुदान तथा उन्नत किस्म के बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वहीं, खाद पर सब्सिडी देकर किसानों को कम कीमत पर उर्वरक उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रभारी मंत्री श्री पंवार ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और उन्हें आधुनिक कृषि पद्धतियों से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि करना है। इसके लिए विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने स्वामित्व योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों को उनकी आवासीय भूमि का अधिकार प्रदान करने के लिए निःशुल्क रजिस्ट्री की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इससे ग्रामीण परिवारों को अपनी संपत्ति का कानूनी अधिकार मिलने के साथ ही शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने में भी सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम में विधायक श्री सुरेन्द्र पटवा ने अपने उद्बोधन में कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार किसानों के हितों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने और कृषि क्षेत्र को विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि एवं मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के माध्यम से किसानों को प्रतिवर्ष आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे उन्हें खेती-किसानी से जुड़ी आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिल रही है। विधायक श्री पटवा ने कहा कि किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों और कृषि यंत्रों के उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, पर्याप्त बिजली और विभिन्न कृषि योजनाओं के माध्यम से खेती को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में प्रमुखता से कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री श्री पंवार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने हितग्राही किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत सांकेतिक चेक वितरित किए। इसके साथ ही किसानों को कृषि यंत्र, उन्नत किस्म के बीज आदि भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के उद्बोधन का लाईव प्रसारण भी देखा गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा, पूर्व केबीनेट मंत्री श्री रामपाल सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता सेन, कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया, प्रभारी एसपी श्री अंकित जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी, श्री राकेश शर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न स्टॉल का किया निरीक्षण
प्रभारी मंत्री श्री पंवार तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम स्थल पर कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, पशुपालन विभाग, मत्स्य पालन विभाग, महिला बाल विकास विभाग, राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया तथा जानकारी ली।

पराली प्रबंधन, उन्नत कृषि यंत्रों और बीजों की दी गई जानकारी
कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई प्रदर्शनी में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत कृषि यंत्रों और बेहतर किस्म के बीजों की जानकारी दी गई। शिविर स्थल पर पराली प्रबंधन को लेकर विशेष प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें पराली के उचित प्रबंधन एवं फसल अवशेषों का उपयोग करने के तरीकों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही पराली प्रबंधन में उपयोगी सुपर सीडर, हेप्पी सीडर सहित अन्य कृषि यंत्रों का प्रदर्शन कर किसानों को उनके उपयोग और महत्व से अवगत कराया गया। कृषि विभाग द्वारा उन्नत कृषि यंत्रों एवं उन्नत किस्म के बीजों की प्रदर्शनी लगाकर किसानों को आधुनिक खेती की तकनीकों और कृषि उत्पादन बढ़ाने के उपायों की जानकारी दी गई।

शिविर स्थल पर मत्स्य पालन, पशुपालन एवं उद्यानिकी विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा भी स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से किसानों को संबंधित विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा आय बढ़ाने के लिए अपनाई जा सकने वाली गतिविधियों की जानकारी दी गई। किसानों को खेती के साथ पशुपालन, मत्स्य पालन एवं उद्यानिकी गतिविधियां अपनाकर आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित करने तथा आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।