शरद शर्मा बेगमगंज रायसेन
कृषि उपज मंडी में नए सोयाबीन एवं मक्का की आवक प्रारंभ हो गई है तथा आगामी दिनों में धान की आवक भी शुरू होने की संभावना को देखते हुए आज एसडीएम व मंडी भारसाधक अधिकारी प्रियंका भलावी द्वारा मंडी का औचक निरीक्षण किया गया।
इस दौरान उन्होंने किसानों एवं व्यापारियों से चर्चा कर मंडी की व्यवस्थाओं एवं उनकी समस्याओं की जानकारी हासिल करते हुए उनका निराकरण भी किया।
एसडीएम प्रियंका भलावी ने मंडी सचिव को मध्यप्रदेश कृषि उपज मंडी अधिनियम एवं लागू नियमों के अनुरूप कृषि उपज की नीलामी एवं तुलाई प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित करने तथा किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए । साथ ही मंडी परिसर में साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को भी कहा गया।
मंडी इंस्पेक्टर केशवसिंह सोलंकी को मंडी में होने वाली उपज की नीलामी एवं मंडी में व्यवस्था का नियमित निरीक्षण कर नीलामी एवं तुलाई प्रक्रिया की निगरानी करने तथा किसानों एवं व्यापारियों से सतत संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए , ताकि कृषि उपज की बढ़ती आवक के दौरान मंडी का संचालन सुचारू रूप से हो सके। किसानों को अपनी उपज के विक्रय में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मंडी इंस्पेक्टर केशवसिंह सोलंकी के बताए अनुसार आज दिनांक तक मक्का 2000 हजार से 2550 रुपए , सोयाबीन 1500 से 7000 हजार एवं धान 1400 से 4800 रुपए में खरीदी गई है। आज दिनांक तक करीब 32 हजार क्विटल तक की खरीदी की गई है।