– आर्म्स एक्ट के मामले में वर्ष 2017 से चल रहा था फरार, मुखबिर की सूचना पर हिनौतिया खास में घेराबंदी कर पकड़ा
सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
जिले में फ़रार आरोपियों एवं स्थाई वारंटियों की गिरफ़्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गैरतगंज थाना पुलिस को सफ़लता मिली है। गढ़ी पुलिस चौकी की टीम ने आर्म्स एक्ट के एक मामले में करीब 9 साल से फरार चल रहे स्थाई वारंटी को गिरफ़्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे उप जेल बेगमगंज भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रायसेन आशुतोष गुप्ता के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक एवं एसडीओपी बेगमगंज श्रीमती सोनाली गुप्ता के मार्गदर्शन में फ़रार आरोपियों और स्थाई वारंटियों की धरपकड़ के लिए कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में थाना गैरतगंज के थाना प्रभारी निरीक्षक डी.पी. लोहिया के नेतृत्व में गढ़ी पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आर.पी. गोहे तथा प्रधान आरक्षक संजय देवल एवं प्रधान आरक्षक लखन मेवाड़ा की टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए स्थाई वारंटी को गिरफ़्तार किया।
*भोपाल में रहकर काट रहा था फरारी*
पुलिस के अनुसार, गिरफ़्तार आरोपी की पहचान प्रमोद सिलावट पिता रामलाल सिलावट, उम्र 40 निवासी हिनौतिया खास, वर्तमान पता अहीर मोहल्ला बैंक कॉलोनी, जहांगीराबाद, भोपाल के रूप में हुई है।
आरोपी थाना गैरतगंज के अपराध क्रमांक 380/17, धारा 25 आर्म्स एक्ट के मामले में न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी जेएमएफसी गैरतगंज द्वारा जारी स्थाई वारंट क्रमांक आरटी 236/17 के तहत वर्ष 2017 से फ़रार चल रहा था। पुलिस के मुताबिक़ आरोपी भोपाल में रहकर फ़रारी काट रहा था। नवरात्रि के अवसर पर अपने गांव आने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने ग्राम हिनौतिया ख़ास में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
न्यायालय में पेश कर उप जेल बेगमगंज भेजा
गिरफ़्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालयीन प्रक्रिया के बाद आरोपी को उप जेल बेगमगंज भेजा गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी डी.पी. लोहिया के नेतृत्व में गढ़ी पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आर.पी. गोहे, प्रधान आरक्षक संजय देवल एवं प्रधान आरक्षक लखन मेवाड़ा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।