मुख्य समारोह में स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेंद्र पटेल ने ध्वजारोहरण कर ली परेड की सलामी
सी एल गौर रायसेन
जिला मुख्यालय सहित सम्पूर्ण जिले भर में पूरे उमंग, उत्साह और राष्ट्रप्रेम की भावनाओं से ओत-प्रोत वातावरण में 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। जिला मुख्यालय रायसेन स्थित होमगार्ड परेड ग्राउण्ड में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री नरेन्द्र पटेल द्वारा ध्वजारोहण किया गया एवं परेड की सलामी ली। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के उद्बोधन, प्रदेश की जनता के नाम प्रसारित संदेश का लाईव प्रसारण देखा एवं सुना गया,इसके उपरांत स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री पटेल ने नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री पटेल ने सलामी परेड का निरीक्षण किया, समारोह में सुरक्षा बलों द्वारा हर्ष फायर एवं राष्ट्रगान की आकर्षक धुन प्रस्तुत की गई। परेड में विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल, महिला पुलिस बल, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट तथा गाईड द्वारा आकर्षक परेड की गई, स्वास्थ्य राज्यमंत्री द्वारा रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए।

समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई, जिन्होंने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान शांति के प्रतीक गुब्बारों को आसमान में छोड़ा गया।

इस अवसर पर सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता सेन, कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ कमल सोलंकी, अपर कलेक्टर मनोज कुमार उपाध्याय, सहित अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक एवं स्कूली बच्चे उपस्थित रहे। स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेन्द्र पटेल ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों तथा लोकतंत्र सेनानियों को शाल, श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।

परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए इन्हें मिला पुरस्कार
स्वतंत्रता दिवस समारोह के अंत में परेड तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए पुरस्कार वितरित किए गए, सीनियर परेड के लिए महिला पुलिस बल को प्रथम पुरस्कार, होमगार्ड्स को द्वितीय पुरस्कार और जिला पुलिस बल को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया, जूनियर परेड में एनसीसी बालिका पीएमश्री स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय रायसेन को प्रथम पुरस्कार, एनसीसी सीनियर बालक पीएमश्री स्वामी विवेकानंद महाविद्यालय रायसेन को द्वितीय पुरस्कार तथा गाईड कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल रायसेन को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया।

इसी प्रकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रायसेन को प्रथम पुरस्कार, सेंट फ्रांसिस कान्वेंट स्कूल रायसेन को द्वितीय पुरस्कार, आरजीएम हायर सेकेंडरी स्कूल रायसेन को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। इनके अतिरिक्त पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय रायसेन को सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गया।,समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। स्वतंत्रता दिवस समारोह में जनसम्पर्क विभाग द्वारा तैयार की गई रायसेन जिले की विकास पुस्तिका का जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को वितरण किया गया, जिले की इस विकास पुस्तिका में विगत ढाई वर्ष में रायसेन जिले में अद्योसंरचना और विकास कार्य, योजनाओं का क्रियान्वयन सहित महत्वपूर्ण सौगातों तथा विकास कार्यो का संकलन है।

कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर में कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा द्वारा ध्वजरोहण किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ कमल सोलंकी, अपर कलेक्टर मनोज कुमार उपाध्याय सहित समस्त विभागों के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे। ध्वजारोहरण के पश्चात कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी,उन्होंने अपने निवास पर भी ध्वजारोहण किया।