नायब तहसीलदार सहित अधिकारियों ने स्कूलों का किया निरीक्षण, बिजली-पानी से लेकर राजस्व, पेंशन और राशन तक की समस्याओं का होगा समाधान
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
सांची विकासखंड के ग्राम दीवानगंज में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जिला स्तरीय विशेष जन विश्वास कैंप शुक्रवार को आयोजित किया जाएगा। कैंप को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को सांची नायब तहसीलदार सुरेश सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने संभावित आयोजन स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दीवानगंज और सेंट जॉर्ज स्कूल पहुंचकर ग्रामीणों के बैठने, विभागीय स्टॉल, पेयजल, छाया, पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए स्थान देखा। निरीक्षण के दौरान दीवानगंज पंचायत के सरपंच गिरजेश नायक, चौकी प्रभारी सुनील शर्मा, एपीओ प्रवीण त्रिपाठी , एई आशीष कांबले , प्रचार प्रीति कहार,पंचायत सचिव रामप्रसाद मालवीय सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
एक ही जगह मिलेगी कई विभागों की सुविधा
जन विश्वास कैंप का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है। कैंप में विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर मौजूद रहेंगे। ग्रामीण अपनी समस्याएं सीधे संबंधित अधिकारियों के सामने रख सकेंगे। पात्र हितग्राहियों से योजनाओं के आवेदन भी लिए जाएंगे और कई मामलों में मौके पर ही निराकरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इन गांवों के ग्रामीण रख सकेंगे अपनी समस्याएं
कैंप में दीवानगंज के साथ अंबाड़ी, सेमरा, नरखेड़ा, जमुनिया, निनोद, बरजोरपुर, सरार, कयामपुर, संग्रामपुर, मुस्काबाद, गिदगढ़ सहित आसपास के गांवों के ग्रामीण पहुंच सकेंगे। प्रशासन का प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया जाए।
बिजली-पानी से लेकर पेंशन और राशन तक की शिकायतें
कैंप में ग्रामीण बिजली, पानी, राजस्व, पेंशन, राशन, सड़क, आवास और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रख सकेंगे। वहीं शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों के आवेदन भी लिए जाएंगे।

एसडीएम भी पहले कर चुके हैं स्थल निरीक्षण
कैंप की तैयारियों को लेकर रविवार शाम रायसेन एसडीएम मनीष शर्मा सहित स्थानीय तहसील एवं प्रशासनिक अधिकारियों की टीम भी दीवानगंज पहुंची थी। टीम ने संभावित आयोजन स्थल का निरीक्षण कर मंच, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, छाया, पार्किंग और विभागीय स्टॉल के लिए स्थान का जायजा लिया था। अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए गए थे।
ग्रामीणों से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील
प्रशासन ने क्षेत्र के ग्रामीणों से अपील की है कि वे शनिवार को आयोजित जिला स्तरीय जन विश्वास कैंप में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं संबंधित अधिकारियों के सामने रखें। कैंप में ग्रामीणों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों-कर्मचारियों को दिए गए हैं।