सी के पारे रायसेन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा शुरू किए गए “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के तहत स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने शुक्रवार को उदयपुरा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सहकारिता एवं पशुपालन विभाग से संबंधित कार्यों की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
स्वास्थ्य राज्यमंत्री ने सहकारिता विभाग के उपायुक्त श्रीमती अंजलि धुर्वे बाघमारे, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के महाप्रबंधक अजय कुमार झा, एवं वरिष्ठ अधिकारी आकाशदीप चौहान, सहकारी समिति के समिति प्रबंधक एवं कर्मचारी व अधिकारियों के साथ कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समय पर पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे तथा हितग्राहियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकरण किया जाए।

दौरे के दौरान उन्होंने प्राथमिक कृषि सहकारी संस्था बरेली, विपणन सहकारी संस्था बरेली, प्राथमिक कृषि सहकारी समिति बाग पिपरिया, प्राथमिक कृषि सहकारी समिति खरगोन तथा जिला सहकारी बैंक शाखा उदयपुरा का भ्रमण किया। अधिकारियों को विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में पशुपालन विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न गौशालाओं का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने गौशालाओं की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए विशेष रूप से हाईवे एवं प्रमुख मार्गों के आसपास स्थित गौशालाओं में बेहतर प्रबंधन पर जोर दिया। इसका उद्देश्य गौवंश को सड़कों पर आने से रोकना और संभावित दुर्घटनाओं से उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
स्वास्थ्य राज्यमंत्री के इस दौरे को शासन की योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की समीक्षा और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। इस कार्यक्रम स्थान जनप्रतिनिधि, नागरिक गण, किसान भाई एवं पशुपालन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।