– सेवा भारती शिवपुरी की पहल
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
सेवा भारती शिवपुरी द्वारा ग्राम रायचंद्र खेड़ी में निर्धन एवं जरूरतमंद छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं संस्कार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निःशुल्क कोचिंग केंद्र का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सेवा भारती शिवपुरी के जिला अध्यक्ष यशपाल रावत एवं जिला सचिव जयंत बक्षी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर छात्रों को शिक्षा एवं संस्कार प्रदान करने का दायित्व शिक्षक मनोज राजोरिया निभाएंगे, जबकि केंद्र के पालक के रूप में कमल पाल अपनी भूमिका का निर्वहन करेंगे।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने कहा कि इस केंद्र के माध्यम से ग्राम के निर्धन छात्रों को निःशुल्क शिक्षा एवं संस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार देकर उन्हें भविष्य में जिम्मेदार एवं अच्छे नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है, ताकि वे आगे बढ़कर अपने परिवार एवं ग्राम का नाम रोशन कर सकें।
इस अवसर पर उत्तम सिंह कुशवाह, जिला सह सचिव, ओम बंसल, संरक्षक सहित ग्राम के अनेक प्रबुद्धजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने सेवा भारती के इस प्रयास की सराहना करते हुए केंद्र के सफल संचालन के लिए शुभकामनाएं दीं।