सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
शनिवार को ज़िले की गैरतगंज तहसील के भोपाल–सागर मार्ग पर ग्राम चांदोनीगंज के समीप नदी पुल के नीचे मिले अज्ञात युवक के शव की पहचान पुलिस ने कर ली है। मृतक की पहचान सचिन कुशवाह 22 वर्ष पिता कैलाश कुशवाह, निवासी बेगमगंज के रूप में हुई है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, मृतक सचिन 30 जुलाई को भोपाल काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। उसने अपने कपड़ों का बैग भी तैयार किया था, लेकिन बिना बैग लिए ही घर से चला गया। उसके पास मोबाइल फोन नहीं होने के कारण परिजन उससे संपर्क नहीं कर सके। थाना प्रभारी डीपी लोहिया ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या या मारपीट के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान भी नहीं पाए गए। प्रारंभिक जांच में मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है। पुलिस के अनुसार, सचिन मजदूरी करता था और उसका परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। उसके पिता बेगमगंज में एक दुकान पर काम कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि मृतक नशे का आदी था। आशंका व्यक्त की जा रही है कि नशे की हालत में नदी के किनारे उसका पैर फिसल गया, जिससे वह पानी में गिर गया और उसकी मौत हो गई।