पैक्स कर्मचारियों ने दी 01 अगस्त से अनिश्चितकालीन कलमबंद आंदोलन की चेतावनी, लंबित मांगों के निराकरण की मांग
सी के पारे
भोपाल। मध्यप्रदेश सहकारिता समिति कर्मचारी महासंघ, भोपाल ने प्रदेश के पैक्स (PACS) कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग करते हुए मुख्यमंत्री, सहकारिता मंत्री एवं खाद्य मंत्री को ज्ञापन सौंपा है। महासंघ ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों का समय पर समाधान नहीं हुआ तो 01 अगस्त 2026 से प्रदेशभर के पैक्स कर्मचारी अनिश्चितकालीन कलमबंद आंदोलन शुरू करेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष बी.एस. चौहान ने बताया कि शासन के आदेशों के बावजूद कई जिलों में कर्मचारियों को कलेक्टर दर से अतिरिक्त बढ़े हुए वेतन का भुगतान अब तक नहीं किया गया है। साथ ही शासन के निर्देशानुसार 60 प्रतिशत पैक्स कर्मचारियों के चयन की प्रक्रिया भी कई जिलों में पूरी नहीं हो सकी है।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की अन्य लंबित समस्याओं का भी लंबे समय से निराकरण नहीं किया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों में भारी असंतोष है। महासंघ ने शासन से सभी लंबित मामलों का तत्काल समाधान, बकाया वेतन का भुगतान, चयन प्रक्रिया पूर्ण करने तथा शासन के आदेशों का सभी जिलों में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की मांग की है।
चौहान ने कहा कि यदि सरकार जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो 01 अगस्त 2026 से प्रदेशभर के पैक्स कर्मचारी अनिश्चितकालीन कलमबंद आंदोलन शुरू करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।