हाईवे किनारे मौत का करंट,फैक्ट्री चौराहा दीवानगंज के नए बिजली पोल से उठ रहा धुआं, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल-विदिशा हाईवे-18 स्थित फैक्ट्री चौराहा दीवानगंज पर करीब छह माह पहले लगाया गया बिजली का पोल अब लोगों की जान के लिए खतरा बनता नजर आ रहा है। पोल से लगातार धुआं उठने की सूचना ने स्थानीय लोगों और राहगीरों में दहशत पैदा कर दी है।
सबसे गंभीर बात यह है कि इसी बिजली पोल के पास भोपाल, विदिशा, बीना और बेरसिया जाने वाले यात्रियों का बस स्टॉप है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग बस का इंतजार करते हैं। वहीं पोल के आसपास उगी हरी घास के कारण गाय और अन्य पशु भी यहां चरने आते रहते हैं। ऐसे में यदि पोल में शॉर्ट सर्किट या आग लगने जैसी घटना होती है तो बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा सकता।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पोल से धुआं उठना किसी गंभीर तकनीकी खराबी का संकेत है। यदि समय रहते बिजली विभाग ने इसे ठीक नहीं कराया तो किसी भी समय जनहानि हो सकती है। हाईवे पर लगातार वाहनों की आवाजाही और बस स्टॉप पर यात्रियों की मौजूदगी के कारण खतरा और बढ़ गया है।
ग्रामीणों और यात्रियों ने बिजली विभाग से मांग की है कि पोल की तत्काल जांच कर खराबी दूर की जाए तथा आवश्यक होने पर बिजली आपूर्ति बंद कर नया उपकरण लगाया जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।