हाईवे-18 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से मजदूर की मौत, पोस्टमार्टम के लिए 31 किमी दूर ले जाने पर ग्रामीणों में आक्रोश
रात में माचिस लेने निकला था बाबूलाल सहरिया, सुबह सड़क किनारे मिला शव; दीवानगंज में पोस्टमार्टम सुविधा की मांग फिर उठी
मुकेश साहू दीवानगंज रायसेन
भोपाल-विदिशा हाईवे-18 पर कुलहड़िया पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एक 50 वर्षीय मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान बाबूलाल सहरिया पिता पन्नालाल सहरिया (50), निवासी पउआ नाला, थाना करारिया, जिला विदिशा के रूप में हुई है। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार बाबूलाल रविवार को दीवानगंज के साप्ताहिक हाट बाजार में खरीदारी करने आया था। बाजार से पत्नी के साथ घर लौटने के बाद वह रात में यह कहकर निकला कि ” बिंड़ल माचिस लेकर आता हूं”, लेकिन वापस नहीं लौटा। सोमवार सुबह उसका शव हाईवे किनारे पड़ा मिला। सूचना मिलते ही सलामतपुर थाना प्रभारी श्याम राज सिंह, दीवानगंज पुलिस चौकी प्रभारी सुनील शर्मा बल के साथ मौके पर पहुंचे। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रायसेन भेजा गया।
बताया गया कि बाबूलाल सहरिया दीवानगंज क्षेत्र के कर्क रेखा के पास पप्पू के खेत पर बने मकान में रहकर मजदूरी करता था। उसके तीनों बच्चों की शादी हो चुकी है। अचानक हुई मौत से पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि मृतक के दोनों घुटने बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे। रोड पर खून के निशान भी मिले हैं। ऐसा लगता है कि दुर्घटना के बाद मृतक कुछ दूर तक घसीटते हुए रोड से नीचे पहुंचा हो। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
इस घटना के बाद एक बार फिर दीवानगंज और सलामतपुर क्षेत्र में पोस्टमार्टम सुविधा नहीं होने का मुद्दा गरमा गया है। ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि पहले सांची सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम की सुविधा उपलब्ध थी, लेकिन लंबे समय से यह व्यवस्था बंद है। अब हर शव को 31 किलोमीटर दूर जिला अस्पताल रायसेन ले जाना पड़ता है, जिससे परिजनों का समय और पैसा दोनों खर्च होता है। ग्रामीणों ने दीवानगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम सुविधा शुरू करने की मांग दोहराई है।
पुलिस वर्जन
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक सड़क किनारे पड़ा मिला। पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए रायसेन भेजा गया है। मृतक की मौत दुर्घटना के कारण हुई प्रतीत लगते हैं क्योंकि उसके दोनों घुटने क्षतिग्रस्त अवस्था में मिले हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।
श्याम राज सिंह थाना प्रभारी सलामतपुर