– यातायात नियम और अनुशासन का दिया संदेश, एनसीसी-एनएसएस स्वयंसेवकों ने की भागीदारी
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शासकीय श्रीमंत स्नातकोत्तर महाविद्यालय शिवपुरी में उच्च शिक्षा विभाग एवं मध्य प्रदेश पुलिस विभाग के तत्वाधान में जन सुरक्षा एवं युवा सृजन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में शिवपुरी पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया ने मुख्य अतिथि के तौर पर सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा पर पुलिस अधीक्षक एवं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पवन कुमार श्रीवास्तव द्वारा माल्यार्पण कर किया गया।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी चॉइस के हिसाब से ही उनके भविष्य की रूपरेखा बनती है, अतः अपने भविष्य को सुदृढ़ करने के लिए विद्यार्थियों की सकारात्मक पहल ही फायदेमंद साबित होती है।

कार्यक्रम में थाना यातायात इंस्पेक्टर गायत्री इटोरिया ने विद्यार्थियों को अपने अधिकारों एवं कर्तव्य को बताते हुए कर्तव्यों का पालन करने की सलाह दी और यातायात के नियमों के प्रति जागरूक रहने एवं सामान्य दिनचर्या में हेलमेट के उपयोग की सलाह दी।
पुलिस सूबेदार भानु प्रताप सिंह ने सामाजिक अवेयरनेस कार्यक्रम की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए हमेशा अनुशासन में रहकर अपने सपनों को पूरा करने और बड़ों से सलाह लेकर जीवन यापन करने की सलाह दी।
कार्यक्रम का संचालन राजनीतिक विज्ञान की सहायक प्राध्यापक डॉ. शालिनी राय द्वारा किया गया। इसमें महाविद्यालय के विद्यार्थी, एनसीसी एवं एनएसएस के स्वयंसेवकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।