सी के पारे रायसेन
सलामतपुर स्थित सहकारी संस्था में सहकारिता दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में संस्था के समस्त स्टाफ एवं क्षेत्र के किसानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर संस्था प्रबंधक कुंवर सिंह दांगी के नेतृत्व में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सहकारी ध्वज वंदन से हुई। इसके पश्चात “सहकारी सतरंगा प्यारा झंडा, ऊंचा रहे हमारा” सहकारी गीत का सामूहिक गायन किया गया। गीत की मधुर प्रस्तुति ने उपस्थित किसानों एवं कर्मचारियों में सहकारिता, एकता और आपसी सहयोग की भावना का संचार किया। इसके बाद सभी किसानों एवं कर्मचारियों ने भी पूरे उत्साह के साथ गीत को दोहराया।
कार्यक्रम में सहकारिता के सिद्धांतों, किसानों के हित में संचालित योजनाओं तथा संगठन की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी गई। अंत में सभी ने सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने और किसानों के हित में मिल-जुलकर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में संस्था का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।