– डायवर्ट रूट बना जानलेवा: रेलवे स्टेशन रोड और कमला हेरिटेज के सामने गड्ढे, आए दिन हादसे
– सीवर के खुले गड्ढे में गिर रहे वाहन, भाजपा नेता का ऑयल टैंक फटा; काम में तेजी की मांग
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
शिवपुरी-पोहरी रोड पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के धीमे काम से जनता परेशान है। पिछले दो साल से काम चल रहा है, लेकिन गति बेहद सुस्त है। पोहरी की ओर जाने वाले लोगों को भारी दिक्कत हो रही है।
जिला प्रशासन व यातायात पुलिस ने रेलवे स्टेशन रोड से कमला हेरिटेज होटल रोड होते हुए ग्वालियर बायपास-सर्किट हाउस रोड तक मार्ग परिवर्तित किया है। लेकिन डायवर्ट रूट की हालत बेहद खराब है। रेलवे स्टेशन रोड और कमला हेरिटेज के सामने बड़े-बड़े गड्ढे हैं। बिना प्लानिंग के मार्ग बदला गया, जिससे प्रतिदिन हजारों वाहन मुश्किल से निकल पा रहे हैं।
भाजपा नेता धैर्य वर्धन शर्मा ने बताया कि कमला हेरिटेज होटल के सामने सीवर प्रोजेक्ट का ढक्कन खुला है। आए दिन दोपहिया वाहन चालक इसमें गिरकर घायल हो रहे हैं। उनकी खुद की गाड़ी का ऑयल टैंक फट गया, जिससे हजारों का नुकसान हुआ। इसके बावजूद गड्ढे को नहीं भरा जा रहा। पोहरी रेलवे क्रॉसिंग से रेलवे स्टेशन रोड की ओर मुड़ते ही सड़क जगह-जगह उखड़ी है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि ओवरब्रिज निर्माण की गति बढ़ाई जाए और सर्विस लेन का काम पूरा कर उसे जल्द खोला जाए, ताकि आवागमन सुगम हो सके। लगातार हो रही दुर्घटनाओं से लोगों में आक्रोश है।