– 21 जून को सामूहिक योग में प्रदर्शन करेंगे शिवपुरी के बच्चे, राष्ट्रीय-राज्य स्तर पर जीत चुके हैं मेडल
– योग से शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य जरूरी: शिवपुरी में बच्चों ने शुरू की योग दिवस की तैयारियां
रंजीत गुप्ता शिवपुरी
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को लेकर शिवपुरी जिले में तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। जिला मुख्यालय पर होने वाले सामूहिक योग अभ्यास में सहभागिता के लिए बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
शिवपुरी के मंगलम योग केंद्र में बच्चों द्वारा रोजाना योग अभ्यास किया जा रहा है। बच्चे विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कर रहे हैं ताकि योग दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। यहां पर योग अभ्यास कर रहीं छात्रा देविका शुक्ला वैष्णवी शिवहरे का कहना है कि योग शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए बेहद आवश्यक है, इसलिए हर व्यक्ति को इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए।
मंगलम योग केंद्र के प्रशिक्षक मनीष राठौर ने बताया कि केंद्र के कई छात्र राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय योग प्रतियोगिताओं में मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन कर चुके हैं। इन्हीं अनुभवी छात्रों के मार्गदर्शन में नए बच्चों को भी प्रशिक्षित किया जा रहा है। मंगलम संस्था के सचिव इंजीनियर राजेंद्र मजेजी ने बताया कि यह योग केंद्र पिछले 20 वर्षों से संचालित किया जा रहा है यहां के कई छात्र योग में शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर अपना नाम कर चुके हैं। केंद्र के कई योग सिखाने वाले बच्चों को रोजगार भी मिला है। एक प्रशिक्षण लेने वाले छात्र को विदेश में नौकरी मिली है और वह वहां योग की ट्रेनिंग देते हैं।
वहीं दूसरी ओर योग दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा बड़े स्तर पर सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्कूली छात्र-छात्राएं, योग संस्थानों के साधक और आमजन हिस्सा लेंगे।
बच्चों में कार्यक्रम को लेकर उत्साह है और वे कहते हैं कि योग दिवस पर वे अपने योग कौशल का प्रदर्शन कर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देंगे।