शरद शर्मा बेगमगंज रायसेन
राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर सिविल अस्पताल बेगमगंज में जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान बीपीएम जयसिंह ने लोगों को डेंगू से बचाव एवं रोकथाम संबंधी जानकारी देते हुए इससे बचने के लिए सावधानियां बताते हुए कहाकि डेंगू का मच्छर पनपने वाले घटकों को रोकना होगा। इसके लिए पुराने बर्तनों , टँकियों एवं नालियों या घर के आसपास पानी जमा नहीं होने दें, कूलर एवं टंकियों की नियमित सफाई करने तथा मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई।
सीबीएमओ डॉ. नितिन सिंह तोमर ने बताया कि डेंगू का मच्छर पानी में पनपता है, इसलिए घरों के आसपास स्वच्छता बनाए रखना आवश्यक है। लोगों को डेंगू के लक्षण जैसे तेज बुखार, सिर दर्द, बदन दर्द या किसी भी तरह के लक्षण हो तो तुरंत अस्पताल आकर इलाज कराए । वही स्वास्थ्य कर्मचारियों को सघन लार्वा सर्वे, रोगियों की जांच करने , स्लोगन वाले नारे लेखन,साथ ही मलेरिया डेंगू चिकनगुनिया के बारे में भी जागरूकता एवं लार्वा की सघन जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही लोगों को मच्छरदानी का उपयोग करने,समय पर जांच कराने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत अस्पताल परिसर सहित आसपास की सफाई के लिए विशेष सफाई अभियान चलाया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से डेंगू रोकथाम अभियान में सहयोग करने की अपील की। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद डॉक्टरों की टीम , स्वास्थ्यकर्मियों , नर्सेज एवं आम नागरिकों को डेंगू मुक्त भारत अभियान में सहभागिता करके पूरी तरह से खत्म करने की शपथ बीएमओ डॉ. नितिन तोमर द्वारा दिलाई गई।