सैयद मसूद अली पटेल गैरतगंज रायसेन
ज़िले की गैरतगंज तहसील में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी कार्य को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा के निर्देश पर एसडीएम अंकित कुमार जैन आइएस ने कृषि उपज मंडी गैरतगंज अंतर्गत संचालित रबी उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने केंद्रों पर किसानों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, गेहूं की तौल व्यवस्था, भंडारण, साफ-सफाई तथा अभिलेखों के संधारण की बारीकी से जांच की। उन्होंने केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए कि खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखते हुए किसानों को समय पर और बिना किसी असुविधा के सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

इसी क्रम में कार्यपालिक मजिस्ट्रेट नरेश सिंह राजपूत ने श्री बालाजी वेयरहाउस गढ़ी, आस्तिक वेयरहाउस मुड़ियाखेड़ा तथा उप मंडी देवनगर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने किसानों से चर्चा कर उपार्जन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की और उनकी समस्याओं के बारे में भी पूछा।
अधिकारियों ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी उपार्जन केंद्रों पर सतत निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन द्वारा नियमित निरीक्षण के माध्यम से खरीदी व्यवस्था को सुचारु, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं.